दुष्कर्म प्रकरण : चार्जशीट की तैयारी में जुटी पुलिस
जागरण संवाददाता, सिवान : गोपालगंज की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सिवान पुलिस आरोप पत
जागरण संवाददाता, सिवान : गोपालगंज की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सिवान पुलिस आरोप पत्र न्यायालय में सौंपने की तैयारी में जुट गई है। यह घटना महिला थाने में 28 जुलाई को दर्ज कराई गई थी। मामले को तीन माह पूरे होने को है इसलिए पुलिस पर चार्ज शीट को जल्द से जल्द न्यायालय में सौंपने का दबाव है। लेकिन इस मामले में वरीय अधिकारियों द्वारा पर्यवेक्षण नहीं किया गया है। इसके बाद भी समयावधि को देखते हुए महिला थाना जल्द ही आरोप पत्र न्यायालय में सौंपने की तैयारी में है। घटना में नामजद किये गये चार अभियुक्तों में दो को पुलिस ने उनके घर से ही 28 जुलाई को गोपालगंज के मांझागढ थाना क्षेत्र के छितौली और हरखौली गांव से गिरफ्तार किया था। वहीं एक ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था और मुख्य अभियुक्त राजेन्द्र पटेल को पुलिस ने बड़हरिया से गिरफ्तार कर लिया था।
गौरतलब है कि इस कांड की पीड़िता का दस सितंबर को दोबारा अपहरण हो गया जिसकी प्राथमिकी परिजनों की ओर से तीसरे दिन दर्ज कराई गई थी। इसमें भी राजेंद्र पटेल को मुख्य आरोपी बनाया गया था। किंतु पटेल की गिरफ्तारी के एक माह बाद भी पुलिस लड़की का सुराग नहीं पा सकी है। पटेल ने इस मामले में अपनी संलिप्तता से इन्कार किया था। युवती के बारे में पुलिस जहां अबतक कोई सुराग नहीं लगा सकी है वहीं राजेंद्र पटेल के परिजन भी इस मामले में उसे फंसाए जाने का आरोप लगाने लगे हैं।
महिला थानाध्यक्ष साधना सिंह ने बताया कि पुलिस आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी में है। यदि सबकुछ ठीकठाक रहा तो 25 अक्टूबर तक यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।