आक्रोशित हुए ग्रामीण, विद्युत सब स्टेशन स्थानांतरण की मांग पर अड़े
संसू, जीरादेई सिवान) : सिवान-मैरवा मुख्य मार्ग पर तितरा बाजार में शुक्रवार को ग्रामीणों ने घंटों चक्का जाम कर रखा। ग्रामीणों की मांग थी कि विद्युत सब स्टेशन को स्थानांतरण कर जीरादेई प्रखंड मुख्यालय के पास अथवा राजेन्द्र फील्ड तितरा के पास किया जाए। जाम की वजह से सिवान-मैरवा मुख्य मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। जाम का नेतृत्व भाजपा विधायक आशा देवी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रमाकांत पाठक एवं पूर्व जिला पार्षद विनोद तिवारी कर रहे थे। ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर बांस बल्ला रख दिया था और सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। पूर्व जिला पार्षद विनोद तिवारी ने बताया कि गंधू छापर एवं मिश्रौली गांव में आजादी से लेकर आज तक पोल भी नहीं गड़ा है। ग्रामीण 24 घंटे बिजली की भी मांग कर रहे थे। इस मौके पर मैरवा थाना प्रभारी लक्ष्मीनारायण महतो, इंस्पेक्टर बिजली विभाग के एसडीओ ने ग्रामीणों की मांग पूरा करने का आश्वासन दिया तब जाकर जाम खत्म हुआ। मांग करने वालों में परमेन्द्र शर्मा, डा. अर्जुन सिंह, प्रमोद राय, विनोद राय, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अवध किशोर राय, अरविंद सिंह, भोला यादव, शेषनाथ कुशवाहा, पिंटू राय आदि शामिल थे।