सिवान में मां-बेटे की हत्या
जागरण संवाददाता, सिवान : सिवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र स्थित जुड़कन में बुधवार की रात दो परिवारों के बीच हुए आपसी विवाद में मां और बेटे की हत्या कर दी गई। मृतक जुड़कन निवासी रामा शंकर राम का बड़ा बेटा संतोष राम तथा उसकी माता गंगीया देवी है।
मृतक के भाई मंजीत के बयान पर हुसैनगंज थाने में पांच लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संजीत राम, रामाजी राम, समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार बीती रात रामाशंकर राम के पुत्र संतोष राम और उसके चाचा रामाजी राम के पुत्र संजीत राम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद बात हाथापाई तक पहुंच गई। हाथापाई के दौरान संतोष ने संजीत पर रड से वार कर दिया। जिससे संजीत बुरी तरह से घायल हो गया। बदले की भावना में संजीत ने घर में रखे धारदार हथियार (फसुली) से संतोष के गले पर वार कर उसका गला काट दिया। जिससे उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गई। बीच बचाव करने आई संतोष की माता गंगीया देवी पर संजीत ने हमला कर दिया जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गई। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इसके बाद रंजीत ने संतोष की बहन बच्ची देवी तथा छोटे भाई मंजीत पर भी हमला कर उन्हें भी घायल कर दिया। इस मारपीट में संजीत के पिता रामाजी राम भी बुरी तरह से घायल हो गए थे।