मुखिया के घर पर हमला, तोड़फोड़
सीतामढ़ी। पिछले एक साल से राशन कार्ड नहीं मिलने से नाराज बथनाहा थाने के टेढि़या गांव के लोगों ने शनि
सीतामढ़ी। पिछले एक साल से राशन कार्ड नहीं मिलने से नाराज बथनाहा थाने के टेढि़या गांव के लोगों ने शनिवार को सहियारा थाना क्षेत्र के बखरी पंचायत के मुखिया साधना प्रसाद के नरहा गांव स्थित घर पर हमला कर दिया। तीन ट्रैक्टर पर सवार लाठी-डंडा से लैश सैकड़ों ग्रामीणों ने मुखिया के आवास को घेर कर जहां जमकर नारेबाजी की। वहीं आवास पर पथराव भी कर दिया। जिससे आवास की खिड़कियां व दरवाजे क्षतिग्रस्त हो गए। जबकि घर में रह रही महिलाएं कमरे में छुप गई। उग्र लोग मुखिया पति सह पैक्स अध्यक्ष जवाहर प्रसाद की तलाश करते रहे। घटना की सूचना के बाद सहियारा थानाध्यक्ष राजीव तिवारी के नेतृत्व में सशस्त्र बल मौके पर पहुंची। लेकिन पुलिस के पहुंचते ही प्रदर्शनकारी ग्रामीण ट्रैक्टर पर सवार होकर भाग निकले।
थाने में हमला व लूटपाट की प्राथमिकी : घटना की बाबत मुखिया पति सह पैक्स अध्यक्ष जवाहर प्रसाद के बयान पर सहियारा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिसमें टेढि़या निवासी जगदीश दास, बद्री साह, खोभारी साह, भिखा साह व शंकर साह के अलावा 75 - 80 अज्ञात को आरोपित किया गया है। दर्ज प्राथमिकी में मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ घर में घुस कर बक्सा में रखे 50 हजार नकद, 5 भर सोने के आभूषण व पैक्स संबंधित कागजात लूट लेने के अलावा आरोपियों द्वारा जाते-जाते जान मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस का लूटपाट से इंकार : सहियारा थानाध्यक्ष राजीव तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा मुखिया के घर के बाहर प्रदर्शन किया गया है। इस दौरान कुछ लोगों ने रोड़ेबाजी की है। लेकिन घर में घुस कर लूट पाट का आरोप बेबुनियाद है।
क्या है मामला : बखरी पंचायत के वार्ड चार व पांच के लोग पिछले साल से ही राशन कार्ड के लिए पंचायत के मुखिया साधना प्रसाद से गुहार लगा रहे है। ग्रामीणों को न तो पिछले साल इसका लाभ मिला और नहीं इस साल ही। मुखिया व उसके पति सह पैक्स अध्यक्ष गांव में नहीं रहते है। दोनों सीतामढ़ी शहर में रहते है। रोजाना मुखिया के घर का चक्कर काट कर लौटते गरीबों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। ग्रामीण अपने हक के लिए मुखिया के घर आए थे। लेकिन मुखिया व उसके पति को गायब पाकर लोगों का गुस्सा और फुट पड़ा। इसी बीच प्रदर्शनकारियों में से कुछ लोगों ने घर पर पथराव कर दिया।