बिहार फिर लौटा जंगलराज की ओर : शाहनवाज
सुरसंड (सीतामढ़ी), संवाद सहयोगी : भूकंप पीड़ितों का दर्द बांटने सीतामढ़ी पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय प्
सुरसंड (सीतामढ़ी), संवाद सहयोगी : भूकंप पीड़ितों का दर्द बांटने सीतामढ़ी पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह पूर्व मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार पुन: जंगल राज की ओर लौट गया है। जबसे नीतीश कुमार भाजपा से अलग होकर लालू प्रसाद यादव के साथ गठबंधन किए हैं, तब से बिहार में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई है। दिन दहाड़े व्यवसायियों की हत्या हो रही है। कहीं डाक्टर दंपती का अपहरण हो रहा है, तो कहीं रंगदारी मांगी जा रही है। जबकि लालू प्रसाद के शासनकाल में सिर्फ डॉक्टरों का ही अपहरण हुआ करता था। पूर्व मंत्री शाहनवाज स्थानीय शंकर चौक स्थित राष्ट्रीय परिषद सदस्य मनीष कुमार के आवासीय परिसर में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव हाल में हुए कई पार्टियों की गठबंधन के बाद बेनामी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए है। बिहार में राजद व जदयू का कोई चुनाव चिन्ह व झंडा नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी यह पता नही है कि उनकी पार्टी क्या है। लालू प्रसाद यादव व नीतीश कुमार ने अल्पसंख्यकों को बरगलाने का काम किया है। भाजपा एक साफ-सुथरी पार्टी है। भारत व पाक बंटवारा के बाद जो मुस्लिम भारत में रह गए है, उन्हें यहां से कोई नही भगा सकता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि यमन में फंसे भारतीयों को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज व नरेन्द्र मोदी ने पहल कर सकुशल भारत लौटाया। जिसकी पूरे भारत में सराहना की गई। भाजपा एक अनुशासित पार्टी है। चुनाव में टिकट तय करने का कार्य सहयोगी दलों के साथ मिलकर पार्टी करेगी। पहले आपदा के लिए डेढ लाख रुपये दिए जाते थे, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बढ़ाकर 4 लाख रुपये कर दिया। इसमें 90 फीसदी केंद्र सरकार व 10 फीसदी राज्य सरकार दे रही है। मौके पर मदन प्रसाद गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सुरेन्द्र राय, महंथ अशोक कुमार दास, सुरेश कुमार मिश्र, शत्रुघ्न राउत, मलखान सिंह, पूरण साह, मो. ताजमुद्दीन अंसारी, जावेद एकवाल मुन्ना, मो. सज्जाद उर्फ राजा, सिकन्दर पासवान, जयशंकर पासवान, मुन्नी खातून व मो. अताबुल अंसारी मौजूद थे।