अगलगी में बच्चा झुलसा, लाखों की क्षति
परिहार (सीतामढ़ी), संवाद सहयोगी : थाना क्षेत्र के पीपरा विशनपुर गाव में रविवार की रात अचानक आग लग जा
परिहार (सीतामढ़ी), संवाद सहयोगी : थाना क्षेत्र के पीपरा विशनपुर गाव में रविवार की रात अचानक आग लग जाने से तीन घर समेत हजारों की संपत्ति नष्ट हो गई। इस घटना में एक बाइक, कपड़ा, अनाज, आभूषण आदि जलकर राख हो गया। साथ ही एक छह वर्षीय बच्चा झुलसकर जख्मी हो गया। जिसका इलाज स्थानीय स्तर पर कराया जा रहा है। पीड़ित लोगों में कपल राय, राममूर्ति सिंह व रामश्रेष्ठ राय शामिल हैं। रामश्रेष्ठ के घर को आंशिक क्षति पहुंची है। पीड़ित ने अंचल कार्यालय को आवेदन देकर सहायता की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार रविवार को आधी रात अचानक कपल राय के फूस के घर में आग लग गयी। आग पूरी तरह फैल जाने के बाद परिजनों की नींद खुली। सभी जान बचाने को बाहर भागे। लेकिन कपल का छह वर्षीय पुत्र छोटू घर में फंसा रह गया। बाद में कुछ लोगों ने किसी प्रकार छोटू को बाहर निकाला। इसी बीच आग ने राममूर्ति सिंह व रामश्रेष्ठ के घर को भी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। मुखिया प्रेम कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित लोगों को निजी कोष से अनाज व कपड़ा उपलब्ध करा दिया गया है। वहीं प्रशासन की ओर से हर संभव सरकारी सहायता दिलवाया जाएगा।