मृत रंजना पहुंची न्यायालय
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी : मृत रंजना देवी ने ससुराल पहुंचकर सबको हैरत में डाल दिया। सभी लोग आवाक
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी : मृत रंजना देवी ने ससुराल पहुंचकर सबको हैरत में डाल दिया। सभी लोग आवाक व हतप्रभ। लेकिन यह है हकीकत। बेलसंड थाना के नुनौरा गांव निवासी स्व. चुन्नू सिंह की पत्नी रंजना देवी बेलसंड पंचायत में आशा के पद पर कार्यरत थी। 7 जुलाई को अचानक वह गायब हो गई। देर रात तक वह घर नहीं लौटी तो ससुर उमाशंकर सिंह ने उसके गायब होने का सनहा थाने में दर्ज कराया। इसकी सूचना दिल्ली में काम कर रहे रंजना के पिता बेलसंड थाना के मधकौल निवासी अरुण सिंह को मिली, तो वह गांव पहुंचे और 14 जुलाई को थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी। इसमें ससुर उमाशंकर सिंह समेत ससुराल के 10 लोगों पर रंजना की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही थी कि रंजना की सास उमा देवी ने 23 जुलाई को सीजेएम कोर्ट में परिवाद दायर कर बहनोई व उनके भाई पर रंजना को बहला फुसला कर अगवा करने का आरोप लगाया। रंजना के ससुराल व मायके की ओर से लगाए अलग-अलग आरोप से मामला उलझता गया। पुलिस तहकीकात के दौरान मामले का खुलासा हुआ तो सभी अवाक रह गए। पता चला कि जिस रंजना की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया गया था, वह मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना के भिखनपुर निवासी राजा कुमार पासवान के यहां है। पुलिस ने भिखनपुर मे छापेमारी कर नन्हकी पासवान के पुत्र राजा पासवान के घर से रंजना को बरामद कर लिया। इस दौरान राजा फरार हो गया। पुलिस ने मुक्त कराई गई रंजना को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट में रंजना ने बताया कि उसके दो बेटे हैं। पांच-सात वर्ष से आशा के रूप में कार्य कर रही है। चार माह पूर्व बैठक में भाग लेने के लिए बेलसंड गई थी। लौटने के क्रम में चंदौली बांध पर राजा पासवान ने अचानक उसका मुंह बांधकर गाड़ी में बैठा लिया। मुंह पर कुछ रख दिया जिससे वह बेहोश हो गई। तीन घंटा बाद खुद को एक कमरे में पाया। राजा ने जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया तथा पंजाब ले गया। कुछ दिन बाद उसे मुजफ्फरपुर स्थित घर ले आया। राजा उसको पत्नी की तरह रखता था। उसकी सिर्फ मां घर पर थी। कोर्ट को बताया कि अब वह सास-ससुर के साथ रहना चाहती है।