हर्षोल्लास के साथ हुई मां काली की पूजा
जेएनएन, सीतामढ़ी : दीपावली के अवसर पर जिले में मां काली की भव्य प्रतिमा स्थापित कर भक्ति भाव से पूजा
जेएनएन, सीतामढ़ी : दीपावली के अवसर पर जिले में मां काली की भव्य प्रतिमा स्थापित कर भक्ति भाव से पूजा अर्चना की गई। सीतामढ़ी, पुपरी, डुमरा, सुरसंड, बाजपट्टी, बैरगनिया व चोरौत में दर्जनों स्थानों पर मां काली की भव्य प्रतिमा की स्थापना कर पूजा अर्चना की गई। वहीं विभिन्न काली मंदिरों में पूजा अर्चना की गई। बाजपट्टी : बाजपट्टी प्रखंड परिसर स्थित मंगलाधाम मंदिर में लोगों ने माता मंगला काली की पूजा हर्षोल्लास के साथ की । महाआरती व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घी स्नान व श्रृंगार पूजा हुई। मंदिर तथा मूर्ति को फूलों से सजाया गया। निशा पूजा में 121 प्रकार के व्यंजन माता को अर्पित की गई। पंडित कृष्ण कुमार झा बताते है कि शक्ति की आराधना में निशा पूजा विशेष फल दायक होता है। मंदिर में माता काली के साथ ही महालक्ष्मी व महासरस्वती की भी आराधना की जाती है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूजा का आयोजन किया गया। वहीं बनगांव गोट स्थित महारानी स्थान परिसर में मां काली की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना की गई। मां काली की भव्य मूर्ति आकर्षण का केन्द्र बना है।
सुरसंड : सुरसंड में काली पूजा को लेकर भक्ति का माहौल है। दीपावली की रात इलाके में पांच दिवसीय काली पूजा का आगाज हुआ। दर्जनों स्थानों पर भव्य पंडाल में मां काली की विशाल प्रतिमा स्थापित कर पूजनोत्सव का आगाज किया गया है। उधर, एतिहासिक रानी मंदिर में भव्य पंडाल में मां काली व काल भैरव की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बना है। इस अवसर पर आस पास के लोगों के अलावा पड़ोसी देश नेपाल के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रहीं है। आयोजन के दौरान झूला व सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों को खूब पसंद आ रहा है। यजमान की भूमिका में महेश्वर झा है। जबकि आचार्य विजयकांत झा, भोला झा व शुकेश्वर झा पुरोहित की भूमिका में है। वहीं मुखिया राम शोभित राउत, मुकेश राय, चुन्नू झा, जीतन ठाकुर, अनिल साह, धर्मेद्र राउत, कपींद्र बारिक, बिलट साह, गोपाल प्रसाद, महेंद्र राउत, राम टहल राउत, विरेंद्र राउत, अंजनी राय, रविंद्र राय व मनोज राय आदि आयोजन को सफल बनाने में लगे है। डुमरा : पकटोला गांव में मां काली की प्रतिमा स्थापित कर लोगों द्वारा पूजा अर्चना जारी है। गांव में मेले का माहौल है। मां काली की पूजा को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।
पुपरी : प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर आयोजित काली पूजा को लेकर वातावरण भक्ति मय बना है। पूजा पंडालों में लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रों से निकलने वाली 'लाले लाले अड़हुल के माला' से इलाका भक्तिमय बन गया है। दीपावली की देर रात वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मां काली की प्रतिमा स्थापित की गई। हरदिया चौक, भूलन चौक सहित अन्य स्थानों पर भव्य पंडालों में मां का दर्शन करने के लिए शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में भक्त उमड़ पड़े।