पुपरी में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प
पुपरी (सीतामढ़ी), संवाद सहयोगी : शहर स्थित तुलसी चलचित्र सिनेमा हाल में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक दर्जन लोग जख्मी हो गए। नशे में धुत एक दर्जन से अधिक युवकों के समूह द्वारा सिनेमा हाल में मचाए गए उत्पात से जहां भगदड़ मच गई। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि घटना में जख्मी लोगों को इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार बुधवार को लोग उक्त सिनेमा घर में फिल्म देख रहे थे। इसी बीच सिटी मारने को लेकर विवाद हो गया। और लोग दो गुट में बंट गए। इसके बाद नशे में धुत युवकों के एक गुट ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। इससे हंगामे जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। बाद में दोनों गुटों आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद सिनेमा घर में भगदड़ मच गई। भागने के क्रम में कई लोग चोटिल हुए। जबकि मारपीट की घटना में एक दर्जन लोग जख्मी हो गए। सूचना के बाद पुपरी पुलिस के सिनेमा हाल पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस घटना में लिप्त तीन युवकों को गिरफ्तार कर थाना ले गई। उधर, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ लोग नशे में धुत होकर सिनेमा हाल में सिनेमा देख रहे थे और अशोभनीय व्यवहार करने लगे। एतराज करने पर मारपीट की घटना शुरू हो गई।