अगलगी में दस घर राख, लाखों की क्षति
फोटो 24 एमडीबी 29
--गुमानी टोला में मचा हाहाकार
जयनगर (मधुबनी), संस : जयनगर प्रखंड की बरही एवं बैरा पंचायत के सीमा पर अवस्थित गुमानी टोला में हुए अग्निकांड में पांच लोगों के दस घर जलकर राख हो गए। इसमें लाखों की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों के मुताबिक चिंगारी से बिन्देश्वर सहनी के घर में आग लग गई। देखते ही देखते महेन्द्र सहनी, राजेन्द्र सहनी, जलेश्वरी देवी, जयप्रकाश सहनी, बलराम सहनी, जयनारायण सहनी के पक्का, खपड़ैल एवं फूस का दस घर जलकर राख हो गया। बड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों के द्वारा दमकल से आग पर काबू पाया जा सका। बैरा पंचायत के मुखिया ब्रजकिशोर यादव, बरही के जामुन चौधरी को सूचना दिये जाने के पश्चात अग्निशमन गाड़ी पहुंची। लेकिन रास्ता नहीं होने के कारण गंतव्य स्थल तक गाड़ी नहीं पहुंच सकी। हालांकि गाड़ी के पहुंचने के पूर्व ही ग्रामीणों के द्वारा आग पर काबू पाया जा सका था। अग्निकांड में महेन्द्र सहनी एवं जलेश्वरी देवी को लाखों की क्षति पहुंची। मौके पर जयनगर थानाध्यक्ष रामानुज राय, सीओ राजीव सिंह, राजीव कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। इधर आग बुझाने के क्रम में हरेराम यादव एवं शोभित सहनी झुलसकर जख्मी हो गए, जिनका ईलाज स्थानीय चिकित्सक के द्वारा किया जा रहा है। आग लगने की खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया। आनन-फानन में ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। इधर अग्निपीड़ितों का बुरा हाल है। बेघर हो जाने एवं लाखों की संपत्ति जल जाने से वे लोग गहरे सदमे में हैं।