पहले दिन छटांक भर भी धान की नहीं हुई खरीददारी
जिला में गुरुवार से सरकार समर्थित मूल्य पर धान की खरीदारी शुरू होनी थी। मगर पहले दिन जिला में एक छटांक भी धान की खरीदारी नहीं हो सकी।
शेखपुरा। जिला में गुरुवार से सरकार समर्थित मूल्य पर धान की खरीदारी शुरू होनी थी। मगर पहले दिन जिला में एक छटांक भी धान की खरीदारी नहीं हो सकी। इसकी वजह जहां पैक्स अध्यक्ष पूंजी का नहीं रहना बताते हैं वहीं सहकारिता विभाग के अधिकारी कहते हैं कि धान में तय सीमा से अधिक नमी है। इसी वजह से जिला में अभी धान की खरीदारी संभव नहीं है। इस बाबत जानकारी में बताया गया कि शेखपुरा जिला सहित समूचे राज्य में पहली दिसंबर से ही धान की खरीदारी शुरू होनी थी। धान की यह खरीदारी किसानों की सहकारी संस्था पैक्सों को करना है। बताया गया कि सरकार ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 588 रुपये प्रति मन यानी की 1470 रुपये ¨क्वटल तय किया है। जिला में किसानों से इसी कीमत पर पैक्सों को धान खरीदना है। जिला में 54 पैक्स हैं। इधर पैक्स अध्यक्षों ने बताया कि सरकार ने अभी तक उन्हें पूंजी के लिए एक फूटी कौड़ी तक उपलब्ध नहीं कराया है। ऐसे में किसानों से धान कैसे खरीद की जाएगी। पैक्स अध्यक्षों ने बताया कि हर साल धान खरीद शुरू होने से पहले पैक्सों को पूंजी मिल जाती थी। इधर जिला सहकारिता पदाधिकारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि धान की खरीदारी में पैक्सों को पूंजी की कोई समस्या ही नहीं है। उन्होंने बताया कि जिला में धान की फसल में अभी तय सीमा से अधिक नमी है। इसी वजह से खरीदारी शुरू नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि धान में अधिकतम 16 प्रतिशत नमी स्वीकार्य है, मगर जिला में अभी इसका स्तर बीस प्रतिशत या उससे उपर है। सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि नमी का मान्य स्तर आते ही धान की खरीदारी शुरू कर दी जाएगी।