आरपीएफ की निगरानी में शेखपुरा स्टेशन पर चेकिंग
जागरण संवाददाता, शेखपुरा : शेखपुरा रेल स्टेशन पर विभाग ने शुक्त्रवार को गहन चेकिंग अभियान चलाया। सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चले इस चेकिंग अभियान में कई बेटिकट यात्रियों को दबोचा गया। इसमें कई को जुर्माना वसूलकर छोड़ दिया गया। जुर्माना नहीं भरने वाले यात्रियों को रेल मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के लिये क्यूल ले जाया गया। आरपीएफ के असिस्टेंड कमाडेंड धर्मराज राम ने बताया कि 75 बेटिकट यात्रियों से करीब 30 हजार का जुर्माना वसूल किया गया। इसके अलावा जुर्माना नहीं भरने वाले 15 यात्रियों को गिरफ्तार भी किया गया। इस अभियान में शेखपुरा स्टेशन पर करीब आधा दर्जन पैसेंजर तथा एक्सप्रेस ट्रेनों में बेटिकट यात्रियों की चेकिंग की गई। इस अभियान में रेल के कई अधिकारी लगाये गए थे। इस अभियान में आरपीएफ स्पेशल फोर्स के अधिकारी तथा दर्जनों जवान भी शामिल हुए। इस बाबत आरपीएफ के असिस्टेंट कमाडेंट धर्मराज राम ने बताया कि बेटिकट यात्रियों पर नकेल कसने के साथ महिला व विकलाग की बोगियों में अनधिकृत रूप से यात्रा करने वालों पर कार्रवाई के लिये यह विशेष चेकिंग की गई। इधर शेखपुरा स्टेशन पर इस चेकिंग अभियान की वजह से समूचे क्यूल-गया रेलखंड पर बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में हडकंप मचा रहा। शेखपुरा के अलावा इस रेलखंड पर सभी स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर टिकट लेनेवालों की लंबी कतार लगी रही। बेटिकट यात्रियों की धर पकड़ की वजह से पूरे दिन इस रूट की ट्रेनों में काफी कम यात्री सफर किया।