पीड़ितों को सहायता देने को सरकार प्रतिबद्ध
शिवहर, संस : कला एवं युवा संस्कृति मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री राम लखन राय रमन ने बुधवार को निरी
शिवहर, संस : कला एवं युवा संस्कृति मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री राम लखन राय रमन ने बुधवार को निरीक्षण भवन में भूकंप प्रभावितों की समीक्षा की। उन्होंने कहा सरकार द्वारा पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जा रही है। प्रशासनिक तंत्र प्रभावितों की सहायता में जुटा है।
सीतामढ़ी के बैरगनियां में स्वयं चूड़ा खाकर राहत पैकेट का जायजा लिया। मंत्री ने कहा बैरगनियां के राहत शिविर में नेपाल से आए 41 घायलों का इलाज किया गया है। इनमें शिवहर के 17 थे। वहीं, भिट्ठामोड़ के राहत शिविर में एक सौ से अधिक घायलों का इलाज किया जा चुका है। शेष का भी उपचार जारी है। शिवहर में तीन मृत व पांच घायलों के परिजनों को सहायता राशि दी गई है। शिवहर में मृत अंजली कुमारी, कमल राय, एतवरिया देवी के परिजन को चार लाख रुपये दिए गए हैं। वहीं, घायल कविता देवी, गायत्री देवी, प्रियंका कुमारी, प्रगास बैठा, थकुन्त देवी को लाभ दिया गया है। जिले में अर्द्ध पक्का मकान आंशिक 83, पूर्ण 21 है। पक्का मकान 18 आंशिक, पूर्ण 7 है। फूस के पांच आंशिक, पूर्ण एक मकान की क्षति हुई है। शेष की जांच की जा रही है। आपदा की घड़ी में सभी दलों के नेताओं को संयुक्त रूप से आगे आना चाहिए। मौके पर शिवहर विधायक मो. सरफुद्दीन, बेलसंड विधायक प्रतिनिधि राणा रंधीर सिंह चौहान, वाल्मीकिनगर विधायक राजेश सिंह, प्रभारी डीएम अशोक कुमार सिंह, एसडीएम लाल बाबू सिंह, एसपी शिव कुमार झा आदि थे।