नारी शक्ति को आगे किए बिना विकास यात्रा अधूरी
पुरनहिया (शिवहर), संवाद सहयोगी : सोनौल सुलतान उच्च विद्यालय प्रांगण में नेशनल काउंसिल ऑफ सोशल वेलफेयर बखार, शिवहर के तत्वावधान में गुरुवार को महिलाओं के लिए कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीओ लालबाबू सिंह के उद्घाटन के पश्चात हुआ। राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए एसडीओ सिंह ने कहा कि नारी शक्ति की पूजा हमारे भारतीय समाज में पूर्व से होती आ रही है। महिलाओं की सेवा और त्याग से बड़ी बड़ी प्रतिभाओं को नतमस्तक किया है। महिलायें सही मायने में गृहस्थ जीवन का मूल आधार है। हालांकि जानकारी के अभाव में महिलाओं के साथ कई क्षेत्रों में अत्याचार की शिकायतें आम है महिलाएं संकोच के कारण उसका प्रतिकार नहीं कर पाती है हालांकि उनके पक्ष में इसके लिए कड़े कानून बनाये गए हैं। जिला कुष्ठ पदाधिकारी डा.केएन प्रसाद ने बताया कि किशोरी दिवस के रूप में किशोरियों को विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां दी जाती है। साथ ही कहा कि लिंग जांच कानून अपराध है वहीं भू्रण हत्या तो उससे भी बड़ा अपराध है जिसके लिए जुर्माना और कारावास के प्रावधान है। वरीय उप समाहर्ता बृजबिहारी भगत ने कहा कि महिलाओं को समाज में महत्वपूर्ण स्थान है कई क्षेत्रों में महिलाओं ने सफलता का परचम लहराया है। इसके बावजूद उन्हें प्रताड़ित होना पड़ता है जो कि हमारी पिछड़ेपन और निम्न सोच को दर्शाता है जिसमें वर्तमान में कुछ परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। पूर्व जिला पार्षद अजबलाल चौधरी ने कहा कि जब तक महिलाओं को उचित मान सम्मान और अधिकार प्राप्त नहीं हो जाता हम विकास नहीं कर सकते क्योंकि महिलायें सही मायने में पारिवारिक व्यवस्था का स्तंभ होती है।
मौके पर कार्यक्रम समन्वयक अदिथि, माधुरी कुमारी महिला हेल्प लाइन परियोजना प्रबंधक रीना सिंह अदिति के कानूनी प्रबंधक रंजीत कुमार आदि ने लिंग भेद, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, यौन हिंसा से जुड़ी अन्य जानकारियां और कानून की जानकारी दी। दो दिवसीय कार्यक्रम में प्रथम दिन स्वयंसेवक आमोद कुमार मिश्रा ने भी अपने विचार रखे। इसके अलावा प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश रौशन, भाजपा नेता सरोज कुमार झा, योगेन्द्र कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में महिलायें उपस्थित थी। अध्यक्षता नेशनल काउंसिल ऑफ सोशल वेलफेयर के अध्यक्ष हरिकिशोर वाजपेयी ने की। संचालन गंगादयाल मिश्र ने किया।