जनहित के लिए सदैव रहूंगी तत्पर
पिपराही, संस : पिपराही बाजार परिसर में बुधवार को सांसद रमा देवी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास से ही दोबारा सांसद बनने का मौका मिला है। कार्यकर्ता व आम लोगों के हित के लिए मैं सदैव तत्पर रहूंगी। कहा कि सूबे में अफसरशाही चरम पर है। आम लोगों की बात पदाधिकारी सुनते ही नहीं हैं। राज्य में भी भाजपा की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता तैयार रहें। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड भाजपा अध्यक्ष योगेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने की। सांसद को अभिनंदन पत्र भेंट किया। लोजपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार के नकारात्मक रवैए से लोग परेशान हैं। कार्यक्रम को पूर्व जिलाध्यक्ष जय राम सिंह, मुखिया रतन मंडल, मुखिया प्रतिनिधि प्रेम शंकर यादव, मुरारी झा, मो.सलफी, रामबाबू गुप्ता आदि ने संबोधित किया। मौके पर जिला परिषद सदस्य कृष्ण नंदन साह, युगल किशोर झा, मुन्द्रिका सिंह, रूपा चौधरी, हरिकांत गुप्ता, अशोक चंद्रवंशी सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। सांसद ने कार्यकर्ताओं को माला पहनाकर कार्यक्रम का समापन किया।