अाधी रात में प्रेमिका से मिलने पहुंचा था प्रेमी, ग्रामीणों किया ये हाल
बिहार के सारण में आधी रात को प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को ग्रामीणों ने चोर समझकर जमकर पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
सारण [जेएनएन]। सारण जिले के अमनौर थाने में उस समय विचित्र स्थिति उत्पन्न हो गई जब पुलिस जिस जख्मी को चोर समझ कर थाने लाई थी, उस जख्मी को बचाने जख्मी हालत में पहुंची लड़की ने उसे अपना प्यार बताया। इससे पहले पुलिस कुछ समझ पाती तब तक लड़की दहाड़ मारकर रोने लगी और जख्मी के साथ जीने मरने की बात कहकर अपनी आप बीती सुनाने लगी।
थाना प्रभारी के अनुसार सोमवार की रात करीब एक बजे लच्छी कैतुका गांव से ग्रामीणों ने फोन पर सूचना दिया कि गांव के लोगों ने एक चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया है। जिसकी सूचना पर पुलिस तत्काल उस गांव में पहुंची। वहीं पर एक गंभीर रूप से जख्मी युवक को ग्रामीणों ने चोर कहकर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस जख्मी को हिरासत में लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज करा रही थी कि अचानक एक जख्मी लड़की पुलिस के सामने आकर लड़के को निर्दोष बताते हुए अपना प्रेमी बताने लगी। पुलिस ने तत्काल उस लड़की की भी इलाज की व्यवस्था की।
प्रेमी को फोन कर लड़की ने बुलाया था अपने घर
मामला यह था कि लड़की के घर वालों ने लड़की की शादी तय कर दी थी, जिसके कारण दोनों काफी परेशान रहने लगे और दोनों ने घर से भागने का प्लान बना लिया। सोमवार की रात में लड़की ने अपने प्रेमी सिकंदर राय को फोन कर अपने घर बुलाया।
रात में घर वालों ने दोनों को देख लिया गया। फिर क्या था, लोगों ने लड़के की पिटाई करनी शुरू कर दी। लड़के को पीटता देख लड़की बचाने गई तो ग्रामीण उसे भी बुरी तरह पीटने लगे। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को बुला कर प्रेमी को सौंप दिया।
लड़की ने लड़के के घर वालों को भी दी थी सूचना
लड़के के पिटाई के बाद अभी घर वाले इस संबंध में बातचीत कर ही रहे थे कि लड़की उनसे नजर बचाकर घर से निकल गई। रात के सन्नाटे में किसी तरह जख्मी हालत में लड़की ने लड़के के घर वालों को भी सूचित किया। परंतु लड़के के घर वालों ने दुत्कार कर उसे भगा दिया। उनसे निराश होकर वह थाने पहुंची।
सुबह में लड़के के घर वाले भी थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष ने दोनों को बांड भरवा कर छोड़ दिया है। स्थानीय अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है। घटना को लेकर दोनों के गांव में तनाव बना हुआ है।
इस मामले पर थानाध्यक्ष ने कहा कि प्रथमदृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का मालूम हो रहा है। दोनों बालिग हैं, इसलिए बांड भरवाकर छोड़ दिया गया है।