अधिकारियों ने सुनी बाढ़ पीडि़तों की दर्द
सारण। बार-बार गुहार लगाने के बाद आखिरकार मंगलवार को अधिकारियों ने दिलीया रहीमपुर पंचायत
सारण। बार-बार गुहार लगाने के बाद आखिरकार मंगलवार को अधिकारियों ने दिलीया रहीमपुर पंचायत के बाढ़ पीड़ितों की दर्द सुनी। तीसरे दिन उन्हें राहत सामग्री पहुंचायी गई। नवीगंज बिन टोली के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत शिविर शुरू किया गया।
शहर से सटे रिविलगंज प्रखंड के दिलीया रहीमपुर पंचायत के बाढ़ पीड़ितों को तीन दिन से कुछ भी नसीब नहीं हुआ था। वहां के लोगों द्वारा बार-बार अधिकारियों को फोन किया जा रहा था लेकिन किसी भी अधिकारी का ध्यान उस पर नहीं पड़ रहा था। राहत सामग्री नहीं मिलने से सैकड़ों बाढ़ पीड़ित परेशान थे। मंगलवार को जिला भू-अर्जन अधिकारी मंजीत कुमार एवं जिला आपूर्ति अधिकारी अनिल कुमार रमण राहत सामग्री लेकर उनके पास पहुंचे। लेकिन उमानाथ मंदिर पर ही लोगों ने सभी राहत सामग्री को उतरवा लिया। ताकि बाढ़ पीड़ितों के बीच इसे वितरण किया जा सके। उसके बाद डीएलओ एवं डीएसओ ने नवीगंज पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों से पूछताछ की और हर संभव मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया। नवीगंज बिन टोली एवं जान टोला के बाढ़ पीड़ितों के लिए मंगलवार को राहत शिविर बनाया गया। जहां बाढ़ पीड़ितों के लिए खाना बनाकर खिलाने का कार्य शुरू हुआ। वहीं रिविलगंज के अंचल अधिकारी के उदासीनता को लेकर लोगों में काफी आक्रोश भी दिखा।