अमनौर विधायक ने किया बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा
सारण। अमनौर विधायक शत्रुघ्न तिवारी उर्फ चोकर बाबा ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया
सारण। अमनौर विधायक शत्रुघ्न तिवारी उर्फ चोकर बाबा ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया तथा बाढ़ पीड़ितों से उनका हाल जाना। सोमवार की सुबह निकले विधायक देर शाम तक बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण करते रहे। वे जोगनी परसा पंचायत के पाण्डेय टोला,नवादा कोठी, परसा, जोगनी, गवंद्री, जाफरपुर, रजूपुर आदि गांवो में बाढ़ पीड़ितों से मिले। जहां भी जाते ग्रामीण प्रशासनिक उदासीनता का आरोप लगा रहे थे। विधायक ने कहा की बाढ़ में चारो तरफ से पानी से घिरे लोग भोजन तथा पीने के पानी के लिए बेहाल हैं। प्रशासन के अधिकारी को इसकी कोई चिंता नहीं है। यहां तक कि उनका वाजिब हक भी नहीं मिल पा रहा है। जोगनी गांव में ग्रामीण लखन सिंह, विरेन्द्र सिंह, सकलदीप मांझी एवं गया सिंह आदि ने विधायक को बताया कि उठाव के बावजूद डीलर दो महीने से राशन किरासन का वितरण नहीं किया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने अमनौर के बीडीओ सह एमओ से संपर्क कर हरहाल में दो दिनों के अंदर वितरण कराने का आश्वासन दिया। अमनौर प्रखंड में मही नदी के किनारे बसे इन गांवो में बाढ़ का पानी पहले ही प्रवेश कर जाता है। जिससे वहां के लोगों को काफी परेशानी होती है। जोगनी, परसा एवं पाण्डेय टोला के अधिकांश परिवार सब्जी की खेती कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। बाढ़ की पानी से उनकी रोजी-रोटी पर भी संकट आ गया है। सब्जी की फसल बर्बाद हो चुकी है। धान की फसल भी नष्ट हो गयी है। विधायक ने कहा कि सरकार से मुआवजा दिलाने की मांग की जायेगी।