जमीन पर उतरेंगी स्वास्थ्य योजनाएं : सिविल सर्जन
छपरा, जागरण प्रतिनिधि : सारण के नए सिविल सर्जन डा. विनय कुमार यादव ने कहा कि सरकार की सभी स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। डा. यादव गुरुवार को सिविल सर्जन का पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सारण को स्वास्थ्य के क्षेत्र में सूबे में अग्रणी बनाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवा में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के सहयोग से योजनाओं को अमली जामा पहनाया जाएगा। एक सवाल के जवाब में नवनियुक्त सिविल सर्जन ने कहा कि सदर अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों तक सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ हर मरीज को मिले, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर किसी चिकित्सक व कर्मचारी को कोई परेशानी हो तो वे सीधे उनसे बात कर सकते हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो कार्य हुए हैं, उसे गति प्रदान की जाएगी। इस मौके पर अस्पताल उपाधीक्षक डा. शंभूनाथ सिंह, डा. केएम दूबे, डा. रविशंकर सिंह, डा. एमपी सिंह, डा. मिथिलेन्द्र कुमार सिंह, डा. शलिग्राम विश्वकर्मा सहित तमाम चिकित्सक व कर्मी उपस्थित थे। इससे पूर्व डा. यादव ने स्थानांरित सिविल सर्जन डा. अमरनाथ झा ने प्रभार ग्रहण किया।
इनसेट
अब सिविल सर्जन भी 'विनय'
छपरा, जा.प्र.: डीएम, एसडीएम, बीडीओ के बाद अब सिविल सर्जन भी 'विनय'। इसे संयोग ही कहा जाएगा कि सारण को विनय नाम के अधिकारियों से एक खास रिश्ता-सा बन गया है। लोग इसकी चर्चा भी खूब कर रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को सिविल सर्जन का भी नाम जुड़ गया। डीएम विनय के बाद सदर एसडीएम विनय, गड़खा के बीडीओ विनय और अब सिविल सर्जन भी हुए विनय। सिविल सर्जन के तौर पर जब डा. विनय कुमार यादव ने पदभार ग्रहण किया तो चिकित्सकों व कर्मचारियों में इस बात की खूब चर्चा हुई।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर