दियारा में केरोसिन व डीजल बनाने का खुलासा
संवाद सूत्र, डोरीगंज (सारण) : डोरीगंज थाने की पुलिस ने शुक्रवार को दियारा में छापेमारी की जिसमें
संवाद सूत्र, डोरीगंज (सारण) : डोरीगंज थाने की पुलिस ने शुक्रवार को दियारा में छापेमारी की जिसमें अवैध रूप से केरोसिन व डीजल बनाने के धंधे का खुलासा हुआ। पुलिस ने 2200 लीटर तैयार केरोसिन समेत कई उपकरण भी बरामद किए। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। मामले में सदर एमओ कुमारी नीलम ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस को दियारा क्षेत्र में अवैध ढंग से केरोसिन व डीजल बनाने के गोरख धंधे की भनक लगी थी। मुखबिर की सूचना के बाद शुक्रवार को सुबह साढ़े नौ बजे थानाध्यक्ष राजरूप राय, एएसआई रमेश कुमार तिवारी, एसआई दुर्बल राम सैप जवानों के साथ नाव से दियारा पहुंचे। पुलिस ने पहले सूरतपुर में छापा मारा। मौके पर केरोसिन निर्माण में लगे बिहटा थाना क्षेत्र के अशोक यादव उर्फ मास्टरजी को गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष राजरूप राय के अनुसार जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि बलवन टोला में भी सोन नदी के किनारे कुछ लोग निर्माण में लगे हैं। इसके बाद पुलिस ने बलवन टोला में भी छापेमारी की। दोनों स्थानों से पुलिस को 2200 लीटर केरोसिन व डीजल बरामद हुआ। मामले में अशोक यादव समेत ब्रजकिशोर यादव नौबतपुर पटना, हजारी राय बलवन टोला व अन्य चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बताया कि यहां केरोसिन व डीजल बनाकर मोटरयुक्त नावों को बेचा जाता था।