प्रेमी युगल के फरार होने पर दो घरों को फूंका
मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मोथहां गांव में प्रेमी युगल के फरार होने से आक्रोशित लोगों ने दो घरों को फूंक दिया। सारण के एसएसपी सत्यवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए।
सारण। मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मोथहां गांव में प्रेमी युगल के फरार होने से आक्रोशित लोगों ने दो घरों को फूंक दिया। सारण के एसएसपी सत्यवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। आक्रोशित लोगों ने जीप, दुकान व घर में आग लगा दी। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है, लेकिन गांव में दहशत का माहौल है।
मोथहां गांव निवासी एक युवक उसी गांव की एक लड़की को लेकर दो दिन पूर्व फरार हो गया। युवती के परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। बताया जाता है कि इसके बाद लोगों का आक्रोश बढऩे लगा। लोगों के आक्रोश को देख युवक के परिजन घर छोड़कर फरार हो गए। इस बीच असामाजिक तत्वों ने युवक के करीबी की जीप, टेंट हाउस और दो घरों में आग लगा दी। आगजनी में एक दुकान भी चपेट में आ गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान सत्यवीर सिंह, सदर एसडीपीओ राजकुमार कर्ण, एसडीओ कयूम अंसारी, मढ़ौरा एसडीओ मनीष कुमार शर्मा, एसडीपीओ कुंदन कुमार व कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गयी। एसपी के निर्देश पर पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।