मृत्युंजय सिंह की हत्या मामले कुख्यात मुकेश सहित तीन बदमाश गिरफ्तार
जासं, छपरा : सारण के पुलिस कप्तान विनय कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर तिहरे हत्या कांड के गवाह मृत्युंजय सिंह की हत्या मामले में कुख्यात मुकेश सिंह सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तीनो बदमाशों ने कोर्ट परिसर में बमबारी मामले में भी अपनी संलिप्तता स्वीकारी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस कप्तान के निर्देश पर मृत्युंजय सिंह हत्या मामले के उद्भेदन के लिए अवतार नगर थानाध्यक्ष ओम प्रकाश व दरियापुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई कर दरियापुर थाना क्षेत्र के बेला रेल फैक्ट्री के पास से तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गरफ्तार बदमाश डेरनी थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी मुकेश सिंह, सोनपुर थाना क्षेत्र के अलीपुर सैदपुर निवासी इंदल राय व दानापुर थाना क्षेत्र के गोला रोड निवासी सत्येन्द्र राय उर्फ सत्या को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद तीनों बदमाशों से पुलिस ने सघन पूछताछ की। इस संबंध में एएसपी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ के क्रम में मुकेश व इंदल ने बताया कि जब वे जेल में बंद थे। तो उनकी मुलाकात निकेश राय से हुई थी। निकेश ने तिहरे हत्या कांड में महेश राय को मदद करने की सलाह दी थी। इसके बाद तीन-चार माह पूर्व दोनों बदमाश जेल से छूटे थे। जेल से छूटने के बाद तिहरे हत्या कांड के गवाह मृत्युंजय सिंह की हत्या के लिए महेश राय के साथ मिलकर इंदल राय के घर पर योजना बनी। वारदात के एक दिन पूर्व इंदल राय के घर पर मुकेश सिंह व सत्येन्द्र राय एकत्रित हुए थे। इसके बाद शशिभूषण की चचेरी बहन खुशबू से मिले लाइन के बाद घर पर जाकर मृत्युंजय सिंह की हत्या कर दी गयी। इसके बाद एक अन्य गवाह मंजीत सिंह की भी हत्या की प्लानिंग की गयी। इसके लिए कोर्ट परिसर में बम मारकर हत्या की साजिश रची गयी। कोर्ट परिसर में जिस दिन बम चलाया गया। उस दिन वे सब भी कोर्ट में मौजूद थे। उस दिन करीब आधा दर्जन सहयोगी कोर्ट में मौजूद थे। और वारदात को अंजाम देने के बाद सभी फरार हो गये। ये सभी लोग दो मोटरसाइकिल से पहुंचे थे। एएसपी ने बताया कि मृत्युंजय सिंह की गतिविधियों पर कई दिनों से ये सभी बदमाश नजर रखे थे और मौका मिलते ही उनकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि बम फेंकने वाला अभियुक्त पुलिस गिरफ्त से अभी भी बाहर हैं। एएसपी ने बताया कि मुकेश सिंह शातिर अपराधी है। उनके विरुद्ध विभिन्न थानों में लूट व आर्म्स एक्ट आदि के सात मामले दर्ज हैं। जबकि इंदल राय के विरुद्ध सोनपुर थाना में एक मामला दर्ज है। उन्होंने बताया कि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
समकालीन अभियान में 41 गिरफ्तार
जासं, छपरा : सारण के पुलिस कप्तान विनय कुमार के निर्देश पर चलाये जा रहे समकालीन अभियान में विभिन्न थाने की पुलिस ने 41 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। जिन्हें जेल भेज दिया गया।
शहर से बोलेरो चोरी
जासं, छपरा : नगर थाना क्षेत्र के मौना चौक से शनिवार की रात्रि में एक बोलेरो चोरी कर ली गयी। इस मामले में नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा निवासी राजवर्धन सिंह छपरा पहुंचे थे। वे मौना चौक स्थित एक होटल में ठहरे थे। होटल के बाहर उनकी बोलेरो खड़ी थी। तभी रात्रि में चोरों ने बोलेरो चोरी कर ली। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।