गोली मारकर भाग रहे बदमाश को पिस्टल के साथ दबोचा
जेएनएन, बनियापुर/मशरक (सारण) : बनियापुर थाना क्षेत्र के धोबवल गांव में मंगलवार को भूमि विवाद को लेकर गोढ़ना गांव के एक व्यक्ति को गोली मारकर भाग रहे युवक का पीछा कर पुलिस ने पिस्टल के साथ एक बदमाश को दबोच लिया। हालांकि उसका एक साथी फरार हो गया। पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घायल व्यक्ति को मशरक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गोढ़ना गांव में भूमि विवाद को लेकर पहले से ही दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसको लेकर काफी तनाव था। एक पक्ष के रिश्तेदार सिवान जिला के बसंतपुर थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव निवासी राजा खां इसी विवाद को लेकर गोढ़ना गांव पहुंचा था। विवाद बढ़ता देख राजा खां ने इमाम हसन को गोली मार दी। गोली लगने से इमाम हसन जख्मी होकर गिर गए। गोली मारने के बाद राजा खां अपने एक साथी के साथ फरार हो गया। गांव के लोग जबतक उसका पीछा कर उसे पकड़ते तबतक वह धोबवल गांव पहुंच गया था। भागने के क्रम में उसने एक व्यक्ति को धक्का मार दिया। धक्का लगने से दोनों युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पिस्टल से फायर किये जाने के कारण कोई भी दोनों बदमाशों को को पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा सका। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। गश्ती में निकली पुलिस ने एएसआई मिथिलेश कुमार व रामाशीष यादव के नेतृत्व में बदमाश का पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाश के पास से पुलिस ने एक पिस्टल, एक मोबाइल व एक मोटरसाइकिल जब्त किया। हालांकि पुलिस को देख उसका एक अन्य साथी गोपालगंज जिले के मीरगंज निवासी अनिल कुमार फरार हो गया। पकड़े गये युवक से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है। पूछताछ में उसने कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गये बदमाश के साथी को भी पुलिस शीघ्र ही गिरफ्तार कर लेगी।