गन हाउस के प्रोपराइटर की हत्या मामले में दो हिरासत में
जासं, छपरा : शहर के नगरपालिका चौक के समीप साई मंदिर के पास शिवम गन हाउस के प्रोपराइटर कृष्ण मोहन सिंह उर्फ रेणु की हत्या मामले में पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है। इस दौरान पुलिस ने दो लोगों कोपूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है। एएसपी सुशील कुमार घटना स्थल का कई बार मुआयना किया और बारीकी से मामले की तहकीकात कर रहें हैं। उधर मृतक का शव पटना से छपरा पहुंचने के बाद उनका अंतिम दाह संस्कार किया गया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिस प्रकार बदमाशों ने गन हाउस के प्रोपराइटर को चाकू से गोदकर मारा है। प्रथम दृष्टया यही प्रतीत होता है कि बदमाशों की मंशा उनकी हत्या करने की थी। छिनतई या लूटपाट की बात अगर होती तो उनके जेब से रुपया भी गायब रहता। जब वे छपरा जंक्शन से रिक्शा से घर लौट रहे थे तभी बदमाशों ने रिक्शा से उतारकर उन्हें ताबड़तोड़ चाकू गोदकर जख्मी कर दिया। जिसके बाद पटना में उनकी मौत हो गई। उधर एएसपी सुशील कुमार व नगर थाना के सब इंस्पेक्टर गौतम तिवारी मामले की तहकीकात में जुटे हुए हैं। पुलिस सभी बिन्दुओं पर नजर रखी हुई है। घटना के कारणों का पुलिस पता लगा रही है। सूत्रों का कहना है कि कृष्णमोहन सिंह का किसी के साथ न तो विवाद ही था और न ही किसी के साथ कोई केस मुकदमा ही चल रहा था। इसके बावजूद भी उनकी हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में पुलिस जुटी है। मृतक के परिजन भी स्पष्ट रूप से कुछ भी नहीं बता रहे हैं। उधर पुलिस पटना से आने वाले फर्दबयान का इंतजार कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि फर्द बयान मिलने पर काफी हद तक मामला स्पष्ट होगा। एएसपी सुशील कुमार ने बताया कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
चुनाव के बाद से शहर में बढ़ गई आपराधिक घटनाएं : कन्हैया
जासं, छपरा : शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोग दहशत में हैं। मतगणना की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अचानक शहर में आपराधिक घटनाएं बढ़ गयी है। एटीएम गार्ड की हत्या और उसके बाद गन हाउस के प्रोपराइटर की हत्या विधि व्यवस्था का ध्वस्त होना बता रही है। छपरा शहर में ऐसा लग रहा है कि अब आतंक का राज कायम हो रहा है। यह बात भाजपा नेता व पूर्व प्रत्याशी कन्हैया सिंह ने रविवार को कही। उन्होंने कहा कि इन वारदातों पर अगर अंकुश नहीं लगाया गया तो वे कार्यकर्ताओ के साथ धरना-प्रदर्शन करेंगे। भाजपा आरटीआई मंच के जिलाध्यक्ष धीरज कुमार सिंह ने भी कृष्णमोहन सिंह की हत्या की निंदा की है। उन्होंने भी अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
खलपुरा में मिले खून के धब्बे व शराब की बोतलों की पुलिस ने की जांच
जासं, छपरा : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खलपुरा गांव के समीप सड़क किनारे खून के धब्बे, शराब की खाली बोतलें व लावारिश चप्पल पड़े होने की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। हालांकि इस मामले में पुलिस को कुछ खास सबूत हाथ नहीं लगी है। इसके बावजूद भी पुलिस इस मामले की तहकीकात में जुटी है।