तरैया में युवक की चाकू से गोदकर हत्या
संसू, तरैया (सारण) : तरैया थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव निवासी स्व. अवधेश सिंह के 18 वर्षीय पुत्र कमलेश सिंह की हत्या शुक्रवार की देर शाम कुछ असामाजिक तत्वों ने चाकू से गोदकर कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी भी शुरू कर दी है। बताया जाता है कि कमलेश सिंह गांव में ही मुर्गी फार्म चलाता है। शुक्रवार की सुबह में मुर्गी बेचने के दौरान एक व्यक्ति से उसका विवाद हुआ था। देर शाम भटगाई बांध के समीप चाकू व धारदार हथियार से मारकर कमलेश सिंह की हत्या कर दी गयी। गांव के लोगों व पुलिस को शंका है कि जिस व्यक्ति के साथ शाम में उसका विवाद हुआ था उसी व्यक्ति द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ भटगाई बांध पर उमड़ पड़ी। उधर घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दिये हैं। समाचार प्रेषण तक युवक का शव घटना स्थल पर ही पड़ा था और लोगों की भीड़ लगी थी।