सिताबदियारा में बाढ़ से प्रभावित होगा मतदान का प्रतिशत
संसू, सिताबदियारा (सारण) : छपरा विधानसभा उपचुनाव में मतदान के दौरान रिविलगंज के सिताबदियारा और प्रभुनाथ नगर पंचायत में मतदाताओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि यहां घाघरा के उफान से बाढ़ का पानी गांवों में भी प्रवेश कर गया है। कई घरों के लोगों को तो पानी में घुसकर मतदानस्थल तक जाना होगा। कारण कि ऐसे सैकड़ों लोगों के घरों के सामने बाढ़ का पानी पहुंच चुका है।
विगत दो दिनों के अंदर यहां घाघरा का पानी बीएसटी बांध वाले नाले से ऊपर होकर गांवों में भी प्रवेश कर गया है। इस क्षेत्र के बड़का बैजू टोला, गरीबा टोला, आलेख टोला, रामनगर, रावल टोला, चैन छपरा, छोटका बैजू टोला, शोभा छपरा, लाला टोला, रामेश्वर टोला आदि गांवों में भी घाघरा का पानी प्रवेश कर गया है। वैसे मतदान स्थल पर अभी पानी नहीं है, किन्तु घाघरा की गति यही रही तो यहां एक-दो मतदान स्थल भी बाढ़ से प्रभावित हो सकते हैं। इस कठिनाई से यहां मतदान का प्रतिशत भी कम होना संभव है।
शुरू हो गये बाढ़ से तबाही के दिन
सिताबदियारा में बाढ़ से तबाही के दिन एक बार फिर हर साल की तरह अब शुरू हो चले हैं। यहां लगभग 35 हजार की आबादी प्रतिवर्ष गंगा और घाघरा के बाढ़ से प्रभावित होती है। बाढ़ का पानी घरों के अंदर तक प्रवेश कर जाता है। यहां सर्वाधिक तंगी प्रभुनाथ नगर पंचायत में होती है। वजह कि यह गांव गंगा और घाघरा के तट पर ही बसा है। ये दोनों नदियां थोड़ा भी उफान लेती हैं तो इस गांव में पानी घुस जाता है। वैसे अभी गांव में पानी के प्रवेश के बावजूद आवागमन ठप नहीं हुआ है। गांव की सड़कें अभी नहीं डूबी है। बाढ़ का पानी गांव के गड्ढों से ऊपर होकर सड़कों की ओर धीरे-धीरे बढ़ रहा है।