सारण में वाहन चेकिंग में जब्त किये गये 126 वाहन
जासं, छपरा : सारण के पुलिस कप्तान विनय कुमार के निर्देश पर चलाये जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दूसरे दिन 126 वाहनों को पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से जब्त किया। यह वाहन चेकिंग अभियान सुबह नौ बजे से दोपहर के दो बजे तक चलाया गया। इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी श्याम किशोर ने बताया कि पकड़े गये वाहनों से मंगलवार को एक लाख 58 हजार रुपये के राजस्व की वसूली की गयी है। डीएम व एसपी के आदेशानुसार यह वाहन चेकिंग अभियान नियमित रूप से चलाया जायेगा। उन्होंने बताया कि उपचुनाव के मद्देनजर विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। छपरा विधानसभा क्षेत्र के सभी सीमावर्ती थानों में चुनाव तक विशेष अभियान चलाने का निर्देश जिलाधिकारी ने दिया है। उधर पुलिस कप्तान विनय कुमार ने बताया कि यह वाहन चेकिंग अभियान लगातार चलायी जायेगी ताकि असामाजिक तत्वों के गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।