लड़की को अगवा कर दूसरे से करायी शादी
संवाद सहयोगी, मढ़ौरा (सारण) : थाना क्षेत्र के अगहरा गांव से एक किशोरी को प्रेम जाल में फंसाकर पहले अगवा किया, बाद में दूसरे से उसकी शादी करा दी। मामला मैट्रिक परीक्षा के दौरान का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिघवारा बसंतपुर निवासी विक्रमा नाम का एक युवक अगहरा गांव की एक किशोरी को मैट्रिक परीक्षा के दौरान अगवा कर लिया। इस संबंध में किशोरी के पिता ने प्राथमिकी दर्ज करायी थी। प्राथमिकी में विक्रमा को आरोपित करते हुए पुत्री के अपहरण का आरोप लगाया गया था। मामले की जांच के क्रम में बुधवार को पुलिस ने विक्रमा राय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के क्रम में विक्रमा ने जो बात बतायी है उससे पुलिस भी अचंभे में पड़ गयी। उसने बताया कि किशोरी की शादी अपने परिचित व दरियापुर गरौल कोठेया निवासी एक युवक से करा दी है। शादी के बाद उक्त युवक किशोरी को लेकर लुधियाना चला गया है। दोनों पति-पत्नी के रूप में रह रहे हैं। पुलिस किशोरी की बरामदगी के लिए योजना बना रही है।