छापेमारी कर लौट रही पुलिस की गाड़ी पेड़ से टकराई
संसू, मकेर (सारण) : छापामारी कर लौट रही पुलिस की गाड़ी पेड़ से टकरा गयी। जिससे उसपर सवार थानाध्यक्ष समेत आधा दर्जन जवान जख्मी हो गये। घटना दरियापुर उच्च विद्यालय के समीप हुई। जख्मी जवानों का उपचार स्थानीय अस्पताल में किया गया। मिली जानकारी के अनुसार मकेर थाने की पुलिस थानाध्यक्ष अनिल कुमार के नेतृत्व में चोरी की बोलेरो व बाइक की बरामदगी के लिए भाड़े की स्कार्पियो से वैशाली जिले के सराय गयी थी। पुलिस कर्मी सराय थाना के अंजनी गांव से बोलेरो एवं बाइक को बरामद कर स्कार्पियो से लौट रहे थे। इसी दौरान स्कार्पियो दरियापुर उच्च विद्यालय के समीप पेड़ से टकरा गयी। इस घटना में एक पुलिसकर्मी के राइफल की बट भी टूट गयी। साथ ही थानाध्यक्ष अनिल कुमार यादव, चालक सुनील राय, सिपाही संजीव कश्यप एवं धनंजय कुमार घायल हो गये। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।