अत्त मार मारेम कि मुंह के नक्शा बदल जाई..
जासं, छपरा : सिविल कोर्ट परिसर पहुंची एक गुस्साई महिला ने देखते ही देखते एक व्यक्ति की जमकर धुनाई कर दी। धुनाई के क्रम में ही वह उसे पटककर उसके सीने पर चढ़ गयी। इतना से भी उसका मन नहीं भरा तो मार से पस्त व्यक्ति को उसने धमकाते हुए कहा कि अत्त मार मारेम की मुंह के नक्शा बदल जाई..। इससे कुछ देर के लिए परिसर में अफरा-तफरी मच गयी। झगड़ा देखने को ले तमाशबीनों की भीड़ लग गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक महिला ने अपने पति पर प्रताड़ना का मुकदमा किया था। बात समझौते तक पहुंच चुकी थी। इसके लिए दोनों मार्निग कोर्ट में उपस्थित होने के लिए आये थे। सुलह समझौते के क्रम में ही बुधवार को बात कुछ बिगड़ गयी। फिर क्या था महिला का पारा सातवें आसमान पर। एक पैर से विकलांग उस महिला ने देखते ही देखते धुनाई शुरू कर दी। पति संभल पाते उससे पहले ही पीटते हुए उसके सीने पर चढ़ बैठी। महिला का रौद्र रूप देख दोनों पक्ष के वकील भी धीरे से वहां से खिसक लिये। काफी मशक्कत के बाद पिटते 'जनाब' को भीड़ ने बचाया। महिला की मुद्रा ऐसी मानो पिटाई कर जंग जीत ली। एक व्यक्ति की त्वरित टिप्पणी थी कि राम जाने बेचारा केकर मूंह देख के सुबह-सुबह कोर्ट आइल ह। वहीं दूसरा अपने मोबाइल पर गाना बजाने लगा जनम-जनम का साथ है हमारा-तुम्हारा..।