परसा में अगलगी में तैयार फसल राख
जेएनएन, परसा/मकेर (सारण) : परसा व मकेर में अचानक लगी आग से हजारों रुपये की तैयार गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गयी। ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्राप्त जानकारी के अनुसार परसा थाना क्षेत्र के जमलकी गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के समीप मंगलवार को ट्रैक्टर थ्रेसर से गेहूं की दौनी की जा रही थी। बताया जाता है कि अचानक थ्रेसर में आग गयी और थ्रेसर जलकर नष्ट हो गया। इस दौरान दौनी के लिए रखे गेहूं का कई बोझा भी जलकर राख हो गया। ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद पम्पिंग सेट चलाकर आग पर काबू पाया जा सका। अग्नि पीड़ित तितरा गांव निवासी कृष्णा राय ने बताया कि गेहूं की दौनी के क्रम में आग लगने से सबकुछ नष्ट हो गया। जबतक लोग कुछ समझ पाते तबतक आग ने कई बोझा को जलाकर राख कर दिया। उधर मकेर प्रखंड के चकिया गांव में दौनी के लिए रखे छह सौ गेहूं के बोझा जलकर नष्ट हो गया। जानकारी के मुताबिक चकिया गांव के रमेश राम, भोला राम, भूनेश्वर राम, चंदेश्वर राय, रामा राम ने अपने-अपने खेतो से गेहूं की कटनी करने के बाद सभी बोझा को एक स्थान पर दौनी के लिए रखा था। उसी में अचानक आग लग गयी। स्थानीय लोगों के अथक प्रयास के बाद जबतक आग पर काबू पाया गया तबतक सभी बोझा जलकर राख हो गया था। ग्रामीणों का कहना है कि किसी शरारती तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया है।