सभा के दौरान आपस में भिड़े जदयू कार्यकर्ता
जासं, छपरा : जदयू समर्थकों का अंतरकलह मंगलवार को उस समय खुलकर सामने आया जब जगदम कालेज में आयोजित जदयू की सभा में जदयू समर्थक ही आपस में उलझ गये। देखते-देखते दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान जदयू सेवा दल के प्रखंड अध्यक्ष सत्येन्द्र साह गंभीर रूप से जख्मी हो गये। उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जदयू कार्यकर्ता के जख्मी होने की सूचना पर विधान परिषद के उपसभापति सलीम परवेज व विधायक कृष्ण कुमार सिंह मंटू तत्काल सदर अस्पताल पहुंचे और कार्यकर्ता का हालचाल पूछे। किसी अनहोनी घटना से आशंकित प्रशासनिक अधिकारी भी सदर अस्पताल पहुंच गये। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जदयू प्रत्याशी सलीम परवेज व धूमल सिंह के नामांकन के बाद जगदम कालेज परिसर में चुनावी सभा आयोजित की गयी थी। इस सभा में शामिल होने के लिए भेल्दी थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव निवासी प्रखंड जदयू सेवा दल के अध्यक्ष सत्येन्द्र साह अपने कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंचे थे। उनके मुख्य द्वार पर पहुंचने के साथ ही जदयू के दूसरे गुट के कार्यकर्ता उनसे उलझ गये। बताया जाता है कि अपने-अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी करने को लेकर दोनों पक्ष आपस में उलझे और उसके बाद दूसरे पक्ष के कार्यकर्ताओं ने लाठी-डंडे से उनपर हमला कर दिया। मारपीट को देख जदयू कार्यकर्ताओ में अफरा-तफरी मच गयी। कुछ लोगो ने बीच बचाव कर मामले को शांत किया। इसके बाद जदयू कार्यकर्ता को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। मारपीट की जानकारी होने पर सारण के जदयू प्रत्याशी व उपसभापति सलीम परवेज एवं जदयू जिलाध्यक्ष सह विधायक मंटू सिंह कार्यकर्ता के हालचाल जानने सदर अस्पताल पहुंचे। दोनों नेताओं ने अपने समर्थकों से शांति बनाये रखने की अपील की। वहीं मारपीट में जख्मी कार्यकर्ता का गुस्सा चरम पर था। घटना की सूचना पर सदर एसडीओ कयूम अंसारी सहित पुलिस पदाधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और जख्मी कार्यकर्ता से घटना के बारे में जानकारी ली। सूत्र बतातें हैं कि सेवा दल के प्रखंड अध्यक्ष को सभा स्थल से दूर रखने की साजिश की गयी थी। इसी को लेकर लाठी-डंडे से पीटकर उन्हें घायल कर दिया गया। इस संबंध में पूछे जाने पर जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह मंटू ने कहा कि पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। आखिर किस कारण से ऐसा हुआ है उसकी जांच करायी जा रही है।