राजेन्द्र स्टेडियम से निकाली गयी मतदाता जागरूकता रैली
जासं, छपरा : शहर के राजेन्द्र स्टेडियम से मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को जागरूकता रैली निकाली गयी। रैली का शुभारंभ जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। इससे पूर्व मतदाताओं को जागरूक करने सहित अन्य कई स्लोगन लिखे गुब्बारे को भी जिलाधिकारी ने आसमान में छोड़ा। इस दौरान अन्य कई छोटे गुब्बारे भी बड़े गुब्बारे के साथ लगाया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मतदाता जागरूकता को लेकर सुबह से ही राजेन्द्र स्टेडियम में काफी चहल-पहल थी। रैली को रवाना करने के लिए सुबह साढ़े आठ बजे का समय निर्धारित किया गया था। निर्धारित समय पर जिलाधिकारी राजेन्द्र स्टेडियम पहुंचे और गुब्बारे को आसमान में छोड़ा और इसके बाद हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में काफी संख्या में आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता, एएनएम सहित अन्य कई लोग मौजूद थे। इस अवसर पर मढ़ौरा एसडीओ मनीष शर्मा, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी केके पाठक सहित अन्य कई पदाधिकारी मौजूद थे। यह रैली शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए पुन: राजेन्द्र स्टेडियम पहुंची।