घर लौटी महिला, परिजनों में छायी खुशियां
मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर निवासी सुनील प्रसाद ¨सह की 62 वर्षीय पत्नी मंजू देवी मंगलवार को अपने घर लौट आयी।
समस्तीपुर। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर निवासी सुनील प्रसाद ¨सह की 62 वर्षीय पत्नी मंजू देवी मंगलवार को अपने घर लौट आयी। उनके आते ही परिजनों में खुशियां छा गई। मकर संक्रांति के अवसर पर वह गंगासागर में स्नान करने गई थी। लौटने के दौरान गंगासागर के किनारे रविवार को भगदड़ मच गयी थी। कोलकाता पुलिस को उक्त महिला का सामान लावारिस हालत में मिला था। इसके बाद वहां की पुलिस ने मुसरीघरारी की पुलिस को उक्त महिला के मौत की सूचना दी। सूचना के बाद मुसरीघरारी पुलिस ने गंगापुर में उक्त महिला के परिजनों को इस आशय की जानकारी दी। उक्त महिला के परिजन उसकी लाश को लाने कोलकाता के लिए रवाना हो गए। इस बीच मंगलवार की सुबह उक्त महिला सही सलामत अपने घर गंगापुर पहुंच गई। महिला के पहुंचते ही जहां उसके घर में छायी मौत के सन्नाटे के बाद वहां खुशियां छा गई। महिला को जीवित देखकर लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। महिला के परिजनों ने उसे सही सलामत बच आने पर भगवान को कोटि-कोटि धन्यवाद दिया। उक्त महिला से मिलने के लिए उसके सगे-संबंधियों एवं स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गयी है।