कत्थक की बारीकियों का अभ्यास जरुरी : राय
कत्थक की बारीकियों का नियमित अभ्यास जरुरी है। बच्चे संकल्पित होकर इसके उत्थान का प्रयास करें।
समस्तीपुर। कत्थक की बारीकियों का नियमित अभ्यास जरुरी है। बच्चे संकल्पित होकर इसके उत्थान का प्रयास करें। यह नृत्य जीवन जीने का तरीका और सामाजिकता भी सिखाता है। उक्त बातें प्रख्यात कत्थक नृत्यांगना मधुमिता राय ने टेक्नो मिशन स्कूल द्वारा आयोजित चार दिवसीय नृत्यशाला के समापन के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि यहां के बच्चे काफी अनुशासित और प्रतिभाशाली हैं। ऐसे बच्चों को नृत्य सिखाना उनके लिए गौरव की बात है। मौके पर उपस्थित चेयरमैन एके लाल ने कहा की बच्चों को कत्थक की नवीनतम बारीकियों में तीन ताल, हस्तक अभ्यास, वंदना, गुरुचरण, शीश नवाऊं व तराना आदि सिखाया गया। यह केंद्र हमेशा बच्चों को प्रोत्साहित करता रहेगा। इस अवसर पर प्रबंधक एमके कर्ण, प्राचार्य वीके मिश्र, एनके झा आदि मौजूद थे।