महायज्ञ को लेकर कलश यात्रा
समस्तीपुर : सरायरंजन प्रखंड के वरूणा रसलपुर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा
समस्तीपुर : सरायरंजन प्रखंड के वरूणा रसलपुर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्री विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। कलश शोभा यात्रा में 251 स्थानीय कुंवारी कन्याएं वरूणा पुल स्थित नून नदी से पवित्र जल कलश लेकर गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई करीब दो किलोमीटर की यात्रा कर यज्ञ स्थल पर पहुंची। इसके पश्चात पंडित शंकर झा एवं रघुवंश झा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन कर विधिवत महायज्ञ का शुभारंभ कराया। महायज्ञ के शुरू होते ही भक्तिमय संगीत एवं वैदिक मंत्रोच्चार से वरूणा रसलपुर सहित आस-पास का क्षेत्र गुंजायमान हो उठा है। महायज्ञ का मुख्य आकर्षण यज्ञ परिसर में बनाये गये देवी-देवताओं की 21 जीवंत प्रतिमाएं एवं रासलीला प्रमुख है। महायज्ञ प्रारंभ होने के प्रथम दिन से यहां श्रद्धालुओं का जमावड़ा शुरू हो गया है। महायज्ञ को सफल बनाने में मुख्य संचालक अरूण कुमार राय के अलावा महायज्ञ समिति के अध्यक्ष नथुनी राय उर्फ संतजी, उपाध्यक्ष यदुवंशी राय, सचिव डॉ. ललन कुमार दास, उपसचिव डॉ. उमेश कुमार निराला, कोषाध्यक्ष मुनीलाल राय, उप कोषाध्यक्ष राजेन्द्र राय, ग्रामीण अशोक कुमार, वैद्यनाथ राय, हरिवंश राय, परमेश्वर राय, राम किशोर राय आदि सक्रिय सहयोग दे रहे हैं।