जन्म प्रमाण पत्र को ले अस्पताल में हंगामा
समस्तीपुर, संस. : जन्म प्रमाण-पत्र देने में हो रही गड़बड़ी को लेकर शुक्रवार को सदर अस्पताल में संबंधित
समस्तीपुर, संस. : जन्म प्रमाण-पत्र देने में हो रही गड़बड़ी को लेकर शुक्रवार को सदर अस्पताल में संबंधित लोगों ने जमकर बवाल काटते हुए हंगामा किया। इस दौरान नाराज लोगों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बता दें कि शुक्रवार को चांदोपटटी के मक्खन शर्मा की पत्नी ¨पकी देवी का प्रसव 5 नवंबर 2011 एवं रणवीर शर्मा की पत्नी बेबी देवी का प्रसव 8 नवंबर 2011 को सदर अस्पताल में हुआ था। इसके बाद उनके परिजन कई दिनों तक जन्म प्रमाण पत्र के लिए अस्पताल में दौड़ लगाते रहे। लोगों का कहना था कि शुक्रवार को जन्म प्रमाण पत्र लेने के लिए पहुंचे। संबंधित कर्मी ने इसके एवज में दौ सौ रुपये की मांग की। मना करने पर कर्मी ने दोनों पुर्जा को फेंकते हुए कहा कि अभी जन्म प्रमाण पत्र नहीं बना है। इसकी शिकायत सभी ने अस्पताल प्रबंधक से की। लेकिन, इस ओर किसी ने ध्यान देना मुनासिब नहीं समझा। इसके बाद थक हारकर सभी ने अस्पताल प्रबंधक के सामने हंगामा करना शुरू कर दिया। इसके बाद कई दिनों से दौड़ लगा रहे लोग भी एकजुटता दिखाते हुए आंदोलन में शामिल हो गए। इस दौरान लोगों ने जन्म प्रमाण पत्र में दलाली नहीं चलेगी, अस्पताल प्रशासन होश में आओ, मैनेजर साहब दोषी कर्मी के खिलाफ शिकायत दर्ज करो जैसे नारे भी लगाए। इसकी सूचना जिला स्वास्थ्य प्रबंधक को मिली। डीपीएम ने तत्काल इसकी जानकारी प्रभारी सिविल सर्जन डा. अशोक वर्द्धन सहाय को दी। डा. सहाय ने इसे गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रबंधक को मामले को शांत कराने का निर्देश दिया। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद हंगामे को शांत कराया गया।