रोसड़ा की बेटी की गुवाहाटी में हत्या
रोसड़ा, संस. : रोसड़ा थाना के भिरहा निवासी सुधीर ठाकुर की पुत्री की हत्या उसके पति एवं अन्य परिजनों द्वारा गुवाहाटी में कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। हसनपुर थाना क्षेत्र के सकरपुरा निवासी प्रियंका के पति दिलीप ठाकुर गुवाहाटी में परिवार के साथ रहते हैं। वहीं पर यह घटना घटी है। बुधवार की अल सुबह सुधीर ठाकुर के मोबाईल पर एक गुमनाम फ ोन आया कि उनके पुत्री की हत्या मंगलवार की रात को कर दी गई है और शव को जलाने हेतु ले जाया गया है। सूचना मिलते ही सुधीर ठाकुर ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोसड़ा के समक्ष पहुंचकर घटना की जानकारी दी तथा सहयोग की अपील की।
मृतका के पिता की सूचना पर डीएसपी गिरीन्द्र मोहन कुमार ने तत्क्षण गोहाटी पुलिस से सम्पर्क स्थापित कर मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए कार्रवाई करने को कहा। गोहाटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी-छिपे जलाए जा रहे प्रियंका के शव को अधजले स्थिति में जब्त कर लिया। साथ ही मौके से फरार होने की कोशिश कर रहे उसके पति दिलीप ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई भरल्लु पुलिस ने की।
दो वर्ष पूर्व हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार भिरहा निवासी सुधीर ठाकुर ने अपनी बेटी प्रियंका की शादी महज दो वर्ष पूर्व हसनपुर थाना के सकरपुरा निवासी रामनरेश ठाकुर के पुत्र दिलीप ठाकुर से की थी। शादी के बाद दिलीप अपनी पत्नी को लेकर गोहाटी चला गया और वहीं मजदूरी कर जीवनयापन करता था। हाल के दिनों में दिलीप दहेज के रूप में रुपये मागने लगा। इसके लिए पत्नी को प्रताड़ित भी करने लगा। चर्चाओं की माने तो दहेज के लिए ही दिलीप ने अपनी पत्नी को प्रताड़ित किया तथा हत्या तक कर डाली।
छोड़ गई दुधमुंही बच्ची
इतना ही नहीं दहेज की बलिवेदी चढ़ी प्रियंका की हत्या करते समय पति ने अपनी 10 माह की दुधमुंही बच्ची के भविष्य तक का ख्याल नहीं किया, इस बात की चर्चा उसके मायके में जोर-शोर से हो रही है। घटना के बाद से प्रियंका के मायके में कोहराम मचा है।