अपहृता संग अपहर्ता गिरफ्तार
रोसड़ा, संस : महज दो दिन पूर्व शहर के फकीरना मोहल्ला से अपहृत लड़की को पुलिस ने गुरुवार को बरामद कर लिया। साथ ही अपहर्ता विक्रम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को यह सफलता उस समय मिली जब विक्रम अपहृता को एक गाड़ी में बैठाकर रोसड़ा से बाहर जा रहा था। गुप्त सूचना पर पुलिस ने स्थानीय बस पड़ाव के निकट उसे धर दबोचा। बताते चलें कि अपहृता के पिता द्वारा रोसड़ा थाना में प्राथमिकी संख्या 225/14 दर्ज कराई गई थी। इसमें विक्रम कुमार उसके पिता ललन सिंह और भाई सोनू कुमार पर शादी की नीयत से पुत्री को अगवा करने का आरोप लगाया गया था। घटना का समय 29 जुलाई को सुबह छह बजे बताते हुए कहा गया था कि उनकी बेटी घर से अचानक गायब हो गई। खोजबीन के क्रम में पता चला कि आरोपियों द्वारा शादी की नीयत से उसे अगवा कर ले जाया गया है। पिता ने विक्रम द्वारा पूर्व से ही बेटी को तंग तबाह करने और उसके गलत हरकत के कारण मकान तक बदलने की जानकारी दी है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है। बरामद अपहृता का बयान न्यायालय में दर्ज कराया जाएगा।