फिर दागदार हुई वर्दी
कल्याणपुर, संस : अपने कारनामों के लिए हमेशा चर्चा में रहने वाली पुलिस पर एक बार फिर सामाजिक रिश्तों को दागदार करने का आरोप लगा है। कल्याणपुर थाना में प्रतिनियोजित बिहार सैन्य पुलिस के एक जवान ने थाना क्षेत्र के जटमलपुर स्थित महादेव मंदिर के समीप कबरगामा गांव के एक किशोर के साथ अप्राकृतिक यौनाचार करने की कोशिश की। हालांकि किशोर द्वारा शोर मचाए जाने व स्थानीय लोगों की सक्रियता के कारण उसकी जान बच गई। घटना की सूचना जंगल के आग की तरह इलाके में फैली और लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने समस्तीपुर-दरभंगा पथ को जाम कर दिया है। दोषी पुलिस कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। जानकारी के अनुसार सोमवार की रात सोमवारी को लेकर बाबा तिलकेश्वरनाथ शिव मंदिर परिसर में कीर्तन मंडलियों के द्वारा भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। मध्य रात्रि में किशोर के साथ पुलिस लाइन से प्रतिनियुक्त पुलिस प्रवीण कुमार ने अप्राकृतिक संबंध किशोर के साथ करना चाहा। लोगों के जागृत होने के कारण उक्त पुलिस को सफलता नहीं मिली। इसी को लेकर मंगलवार की शाम में लोगों ने मंदिर परिसर सहित सड़क पर आकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी व न्याय की गुहार लगाने लगे। सीओ कमलेश कुमार, थानाध्यक्ष असगर इमाम, एएसआई एसके त्रिपाठी, पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद दोषी पुलिस कर्मी पर प्राथमिकी का आश्वासन देने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। इसको लेकर समस्तीपुर-दरभंगा पथ के दोनों ओर घंटों गाड़ियों की लंबी कतार लगी रही। इधर थानाध्यक्ष असगर इमाम ने बताया कि उक्त पुलिस कर्मी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए एसआई बड़ेलाल प्रसाद को छानबीन करने का आदेश दिया गया है।