युवक की गोली मारकर हत्या
वारिसनगर, संस : थाना क्षेत्र के बलाही मिर्जापुर चौर से रविवार की सुबह पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है। युवक की हत्या गोली मारकर की गई है। उसकी पहचान खानपुर थाना क्षेत्र के कानु विशनपुर गाव के स्व. सीताराम सहनी के पुत्र नरेश सहनी (32) के रूप में की गई है। घटनास्थल से प्राप्त जानकारी के अनुसार वह पंजाब में रहकर मजदूरी करता है व एक सप्ताह पूर्व घर आया था। युवक के कनपट्टी में गोली मारी गई है। मिली जानकारी के अनुसार युवक के घर पर कोई नहीं रहता है, उसकी पत्नी मायके में थी। वहीं मृतक कुछ दिनों पूर्व गाव आया था तथा घर पर अकेले ही था। उसकी हत्या कैसे हुई पुलिस इसकी छानबीन में जुटी है। दूसरी ओर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार का कहना है कि मृतक का शव खेत में मिला है जिसकी कनपट्टी में गोली की सुराख से स्पष्ट है की मृतक को गोली मारी गई है, साथ ही शव के करीब फैले खून से पता चलता है कि इसकी हत्या रात में ही की गई है। जिस जगह शव पड़ा है वह खानपुर थाना क्षेत्र से महज 10-15 मीटर दूर वारिसनगर थाना क्षेत्र में है युवक का घर मात्र 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के ससुराल गाव का पता लगाया जा रहा है अभी मृतक की पत्नी नहीं आई है। पुलिस अभिरक्षा में शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेजा गया।