सहरसा जेल परिसर में मुलाकाती से सामूहिक दुष्कर्म
सहरसा मंडल कारागार में विधवा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जेल में तैनात सिपाही ने एक व्यक्ति के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।
सहरसा। सहरसा मंडल कारागार में विधवा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जेल में तैनात सिपाही ने एक व्यक्ति के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। मामला सामने आने के बाद जेल अधीक्षक ने आरोपी सिपाही के निलंबन की अनुशंसा की है, जबकि सदर थाने में घटना की एफआइआर दर्ज की गई है।
पीडि़ता ने प्राथमिकी में कहा कि वह विधवा है। उसके बहनोई मंडल कारा में बंद हैं। बहनोई से मिलने के लिए वह 29 जून को वीरेंद्र और कमलेश यादव के साथ जेल पहुंची। सिपाही प्रवीण ने बहनोई को बुलाया और महिला के हाथ से झोला लेकर उसे दे दिया। बहनोई को बताया कि मिलने के लिए आई महिला चली गई।
उसके बाद सिपाही गेट के समीप स्थित एक कमरे में ले जाकर बिठा दिया। कुछ देर बाद वह फिर आया और कहा कि आज मिलने का समय खत्म हो गया है, कल आना पड़ेगा। इसके बाद सिपाही ने छेड़खानी शुरू कर दी।
विरोध करने पर वीरेंद्र व कमलेश ने घेर लिया और कपड़ा खोल दिया। उसके बाद पहले सिपाही ने फिर कमलेश ने दुष्कर्म किया। वीरेंद्र ने उन दोनों का साथ दिया। शोर मचाने पर अन्य सिपाही व मुलाकाती आने लगे तो धमकी दी गई कि अगर किसी को बताया तो अंजाम बहुत बुरा होगा।
इन्होंने कहा-
प्राथमिकी दर्ज होने की सूचना थानाध्यक्ष द्वारा दी गई है। आरोपी सिपाही के निलंबन की अनुशंसा की जा रही है।
- हरिनारायण प्रसाद, जेल अधीक्षक, सहरसा
प्राथमिकी दर्ज कर पीडि़ता की मेडिकल जांच कराई जा रही है। अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
- प्रेमसागर, एसडीपीओ, सहरसा सदर