बारिश से उफनाए नदी-नाले, गांवों में घुसा पानी
सहरसा। लगातार हो रही बारिश से प्रखंड क्षेत्र में बारिश का पानी बाढ़ में तब्दील हो गया है।
सहरसा। लगातार हो रही बारिश से प्रखंड क्षेत्र में बारिश का पानी बाढ़ में तब्दील हो गया है। बाढ़ का पानी कई गांव में घुस गया है लोग परेशान होने लगे हैं। इस बाढ़ से सबसे ज्यादा धान का नुकसान हो गया है। प्रखंड के कढ़ैया पंचायत के कचरा, कढैया, रहीमपुर, फोरसाहा, नाथपुर, सुहथ पंचायत के भवटिया, सुहथ भरना, अर्ड़ाहा, चकला, सुहथ समेत कई पंचायत में बाढ़ का पानी घुस गया है। बाढ़ का पानी घुसने से कचरा गांव के नदी पर बनी पुल के उपर होकर पानी बहने लगा है। जिसके कारण आवागमन बाधित हो गया है। इसी तरह कढैया गांव जाने वाली सड़क पानी के दबाव में टूट गया है। सुहथ भरना गांव में पानी के अधिक दबाव के कारण विद्यालय का शौचालय टूटने का समाचार मिला है। विद्यालय परिसर में चार फीट पानी हो जाने के कारण शिक्षण कार्य बाधित हो गया है। बुधवार को कढैया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सुशील कुमार मेहता, पंचायत समिति प्रतिनिधि रमेश यादव, बबलू साह समेत अन्य लोगों ने बाढ़ प्रभावित गांव का भ्रमण कर जिला प्रशासन से बाढ़ से हो रहे क्षति की मुआवजा की मांग की है। लगातार हो रहे बारिश के कारण कई ईलाके में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाने के कारण लोग काफी परेशान होने लगे हैं। पशुओं को चारा नहीं मिलने के कारण पशुपालक काफी परेशान होने लगे हैं। हर तरफ पानी ही पानी दिखाई दे रहा है।