होकर रहेगा जनता परिवार का विलय : शरद
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने कहा कि जनता परिवार का विलय होकर रहेगा। इसके लिए बात चल रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में विकास ही मुद्दा होगा और बिहार देश को फिर से नया पैगाम देगा।
सहरसा। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने कहा कि जनता परिवार का विलय होकर रहेगा। इसके लिए बात चल रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में विकास ही मुद्दा होगा और बिहार देश को फिर से नया पैगाम देगा।
यादव ने उक्त बातें सोमवार को अपने सात दिवसीय दौरे पर सहरसा पहुंचने पर कही। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आजादी की लड़ाई हो या आपातकाल का विरोध बिहार ने देश को नई दिशा दिखाई है। आने वाले चुनाव में बिहार की जनता एक नया संदेश देश को देगी।
केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि एक साल से बस सपने ही दिखाए जाते रहे हैं। न नौजवानों को रोजगार मिला, न काला धन ही वापस आया। लोगों के खातों में पंद्रह लाख रूपए भी नहीं आए। लोगों को सपने दिखाकर सत्ता हासिल कर ली और आज भी सपने ही दिखाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा कर बढ़ा दिया गया। यह आम जनता के लिए बड़ा बोझ साबित होगा। प्रधानमंत्री विदेश के दौरे पर रहे और लोगों को विश्व दर्शन कराते रहे। न पाकिस्तान की गोलीबारी रुकी और न ही चीन से सीमा विवाद सुलझाया जा सका। हद यह कि पाकिस्तान से अब कोई वार्ता भी नहीं हो रही है।