पानी फेंकने के विवाद में पुलिस जवानों ने मरीज को पीटा
सहरसा। सदर अस्पताल में भर्ती एक मरीज के परिजन द्वारा मंगलवार को कैदी वार्ड के समीप गंदा पानी फेंकने
सहरसा। सदर अस्पताल में भर्ती एक मरीज के परिजन द्वारा मंगलवार को कैदी वार्ड के समीप गंदा पानी फेंकने के विवाद ने तुल पकड़ लिया। विवाद होने के बाद जहां कैदी वार्ड के पुलिस जवानों ने मरीज व उसके परिजन की पिटाई कर दी वहीं मरीज के समर्थन में लोगों ने थोड़ी देर के लिए अस्पताल मोड़ सड़क को जाम कर दिया। जाम के बाद अस्पताल पहुंची भीड़ ने कैदी वार्ड पर पथराव कर दिया। जिसमें एक पुलिस जवान जख्मी हो गये।
अस्पताल में भर्ती मरीज इनरवा निवासी अंगद यादव ने बताया कि वो आठ दिनों से पुरुष वार्ड में भर्ती हैं। मंगलवार को उनके बच्चे ने खिड़की से पानी कैदी वार्ड के समीप गलती से फेंक दिया। इसी बात को लेकर कैदी वार्ड के सभी पुलिस जवानों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और पुरुष वार्ड में आकर बेरहमी से पिटाई कर दी। उन्होंने कहा कि विरोध करने पर उनकी पत्नी सीता देवी के साथ भी मारपीट की गयी। मरीज की पिटाई से आक्रोशित अन्य मरीजों के परिजन व लोगों ने पुलिस जवानों पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर अस्पताल मोड़ के समीप सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद जाम समाप्त कर भीड़ पुन: अस्पताल पहुंची और कैदी वार्ड पर पथराव कर दिया जिसमें एक पुलिस जवान अजीत कुमार जख्मी हो गये। घटना की सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष संजय ¨सह सदलबल पहुंचे और दोनों पक्षों से बात की। जबकि बाद में सीओ अनिल कुमार ¨सह व काफी संख्या में पुलिस जवानों को भेजा गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि दोनों पक्षों से बातचीत की गयी है। मरीज के साथ पुलिस जवानों द्वारा मारपीट करने के वार्ड कैदी वार्ड पर पथराव करने की जानकारी मिली है। दोनों पक्षों से आवेदन लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी।