आस्था का महापर्व छठ हर्षोल्लास के साथ संपन्न
सहरसा, जासं: लोक आस्था का महापर्व गुरुवार को पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। बुधवार
सहरसा, जासं: लोक आस्था का महापर्व गुरुवार को पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। बुधवार को अस्तांचलगामी और गुरुवार को उदीयांचल सूर्य को अर्घ्य देकर लोगों ने अपने परिजन व समाज के सुख समृद्धि की कामना की। वहीं सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, विधायक डा. आलोक रंजन, पूर्व सांसद दिनेश चंद्र यादव सहित अन्य ने कई छठ घाटों पर पहुंचकर लोगों को छठ की शुभकामना दी।
छठ के मौके पर कोसी नदी, तिलावे, धेमरा समेत विभिन्न नदी व तालाबों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने घंटो खड़ा होकर श्रद्धाभक्ति के साथ भगवान भास्कर की अराधना की। अपनी मन्नतें पूरी होने पर दर्जनों लोगों ने अपने घर से छठ घाट तक दंड प्रणाम किया। और जल में खड़ा होकर छठ मैया की पूजा की। शहरी क्षेत्र के मत्स्यविभाग तालाब, मत्स्यगंधा, मसोमात पोखर, शंकर चौक तालाब, डुमरैल, गांधी पथ, न्यू कालोनी, सराही, सहरसा बस्ती आदि तालाबों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। लोगों ने अपने स्तर से तालाबों की सफाई कर घाटों को आकर्षक तरीके से सजाया। और रोशनी की व्यवस्था की।
सांसद पप्पू यादव ने इस अवसर पर कहा कि आस्था के इस महापर्व हमें ऊर्जा प्रदान करता है। नप उपाध्यक्ष रंजना सिंह ने सतपोखरिया में छठ मैया की पूजा की। जिले के प्रशासनिक पदाधिकारी जहां विभिन्न तालाबों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। वहीं पूर्व विधायक संजीव कुमार झा, किशोर कुमार मुन्ना सहित अन्य जनप्रतिनिधि विभिन्न घाटों पर घूम-घूमकर लोगों से मिलते रहे।