धनरोपनी नहीं करने पर मजदूर की गोली मारकर हत्या
सलखुआ (सहरसा) संवाद सूत्र : कोसी तटबंध के भीतर चिरैया ओपी क्षेत्र के खरहोरिया गाव में धनरोपनी नहीं करने पर अपराधियों ने रविवार की देर शाम एक मजदूर की हत्या गोली मारकर कर दी। घटना से सहमे अधिकतर लोग गांव छोड़कर पलायन कर चुके हैं।
मृत मजदूर सदानंद चौधरी (35) के परिजनों ने बताया कि सदानंद रविवार की शाम खेत से घोड़ा लाने गये हुये थे। इसी दौरान पूर्व से घात लगाये अपराधियों ने छाती में गोली मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। घटना की सूचना पर एसडीपीओ उपेन्द्र प्रसाद स्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। चिड़ैया ओपी प्रभारी रामेश्वर प्रसाद ने बताया कि घटना में शामिल सभी अपराधी बेगूसराय जिले के रघुनाथपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि अपराधियों ने मजदूर सदानंद को धान रोपने के लिये कहा था, लेकिन सदानंद ने दबंगों की बात नही मानी। इसी आक्रोश में उनकी हत्या गोली मारकर कर दी गयी। मृतक की पत्नी सुनीता देवी के बयान पर 10 लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। सदानंद का घर खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत धमारा घाट है। वह एक वर्ष से अपने ससुराल खरहोरिया में रह रहा था।