भूकंप के झटके से चारों तरफ अफरातफरी
जागरण टीम, सासाराम : जिले के विभिन्न भागों में शनिवार की दोपहर अचानक आए भूंकप के झटके से अफरातफरी का
जागरण टीम, सासाराम : जिले के विभिन्न भागों में शनिवार की दोपहर अचानक आए भूंकप के झटके से अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। लगभग चार मिनट तक जिला में भूकंप का झटका महसूस किया गया। लोग घरों से बाहर भागने लगे। कुछ देर के लिए सड़कों पर वाहनों के चक्के थम गए। झटके से सहमे लोग खुले स्थानों की तरफ भागने लगे। कई लोग भय से थर-थर कांपते नजर आए। कुछ जगहों पर मकानों को आंशिक क्षति पहुंचने की भी सूचना मिली है। हालांकि जिला प्रशासन किसी प्रकार की क्षति नहीं होने की बात कह रहा है।
दो बार आए भूकंप के झटके के बीच सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों से लेकर घर में रहने वाले व सड़कों पर भी अफरातफरी का माहौल रहा। डीएम संदीप कुमार सहित अन्य अधिकारियों व कर्मियों ने भी कार्यालय कक्ष छोड़ खुले मैदान में भागे। कुछ जगहों पर मकानों की आंशिक क्षति पहुंचने की सूचना है। प्रखंड क्षेत्र के गरूड़ा गांव में भूकंप से छत की चहारदीवारी गिरने की सूचना है। रकसियां गांव के मध्य विद्यालय की चहारदीवारी झुक गई। वहीं नोखा के नवाडीह व लिलारी गांव में एक मकान के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। कई घरों के दीवारों में दरार आने की बात भी कही जा रही है।
भूकंप के बाद मोबाइल सेवा भी काफी देर तक ठप पड़ गई। अपनों का हाल जानने के लिए लोग परेशान दिखे। अधिकांश मोबाइल कंपनियों की सेवा ठप होने से परेशानी और बढ़ गई। सड़कों पर भी लोग खुले मैदान की ओर भागते नजर आए। बच्चों को भी वर्ग कक्षाओं से निकाल ग्राउंड में लाया गया। बाद में उन्हें घर भेजा गया।
जारी हुआ हाई अलर्ट : भूकंप को ले जिले में हाई अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे तक विशेष चौकसी बरतने की हिदायत दी गई है। सभी थानाध्यक्षों व बीडीओ को सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। वहीं अस्पतालों में 24 घंटे एंबुलेंस के साथ चिकित्सा दल तैनात रखने के लिए कहा गया है।
कहते हैं डीएम :
जिले में भूकंप से किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई है। अगले 24 घंटे तक विशेष चौकसी बरती जा रही है। सभी अस्पतालों में एम्बुलेंस, दवा व चिकित्सा दल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया है।
संदीप कुमार
डीएम, रोहतास