आग ने मचायी भीषण तबाही
संवाद सूत्र, काराकाट (रोहतास) : प्रखंड के दो अलग-अलग जगहों पर शुक्रवार की रात लगी आग ने भीषण तबाही म
संवाद सूत्र, काराकाट (रोहतास) : प्रखंड के दो अलग-अलग जगहों पर शुक्रवार की रात लगी आग ने भीषण तबाही मचाई। पदुमनपुर गांव के एक खलिहान में रात लगभग 11 बजे लगी आग ने दस किसानों के खलिहानों को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे 50 बीघे से अधिक खेत के गेहूं की फसल की लपट देख ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस व मुखिया को दी। आग लगने के लगभग डेढ़ घंटे बाद एसआई बीबी चौधरी दमकल व पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। आग इतनी फैल चुकी थी कि दमकल का पानी समाप्त हो गया परंतु आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
पूर्व मुखिया रीतेश सिंह ने बताया कि इस दौरान हताश ग्रामीण पूरी रात कड़ी मशक्कत कर आग बुझाने का प्रयास करते रहे। भोर में लगभग 4 बजे दूसरी फायर ब्रिगेड आने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रभावित किसानों में कमला कुंअर, मालती कुंअर, सरोजना कुंअर, देवलाल सिंह, श्यामलाल सिंह, कामेश्वर सिंह, सत्यनारायण सिंह, बसंत सिंह, अजय सिंह, मनोज सिंह शामिल हैं। शनिवार की सुबह घटनास्थल पर पहुंचे सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि राजस्वकर्मी से क्षति का आकलन करा पीड़ित किसानों को मुआवजा हेतु प्रतिवेदन डीएम के पास भेजा जाएगा। मुखिया ज्योति देवी ने पीड़ित किसानों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। वहीं दूसरी घटना काराकाट की है। जहां विद्युत शार्ट सर्किट से कन्हैया यादव के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। ग्रामीण जबतक आग पर काबू पाते एक बीघे की फसल जलकर नष्ट हो गई।