हंगामेदार रही नगर पंचायत की बैठक
संवाद सूत्र, कोचस (रोहतास) : नगर पंचायत की सामान्य बैठक शनिवार को मुख्य पार्षद धर्मशीला देवी की अध्य
संवाद सूत्र, कोचस (रोहतास) : नगर पंचायत की सामान्य बैठक शनिवार को मुख्य पार्षद धर्मशीला देवी की अध्यक्षता में हुई। सदस्यों ने नगर पंचायत क्षेत्र के वार्डो का विकास नहीं होने का आरोप लगा हंगामा भी किया।
बैठक प्रारंभ होते ही विकास राशि अभी तक उपलब्ध नहीं होने के कारण पार्षदों द्वारा जमकर हंगामा किया गया। पार्षदों ने कहा कि आठ माह गुजर गये लेकिन विकास के लिए नगर पंचायत में राशि उपलब्ध नहीं हो पायी। जिसका हिसाब अब जनता मांग रही है। राशि उपलब्ध कराये जाने एवं किरासन तेल वितरण किए जाने को लेकर कई बार पार्षदों एवं मुख्य पार्षद के बीच झड़प हुई। पार्षदों का कहना था कि किरासन तेल वितरण किए जाने में अनावश्यक रूप से मुख्य पार्षद का हस्तक्षेप उचित नहीं है। उपमुख्य पार्षद रूबी देवी का आरोप था कि मुख्य पार्षद द्वारा मनमानी ढंग से कार्य किया जा रहा है। पार्षद राजेंद्र प्रसाद साह ने कहा कि मुख्य पार्षद को नगर विकास से संबंधित कोई भी कार्यवाही पार्षदों को विश्वास में लेकर करने की आवश्यकता है। सदन में हाकर द्वारा किरासन तेल वितरण के लिए जगह निर्धारित करने एनएच 30 स्थित दिनारा रोड में सड़क के किनारे खुलेआम बिक रहे मांस मछली की जगह को स्थानांतरित किए जाने, चौक पर सब्जी विक्रेताओं द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने एवं प्रति माह नगर पंचायत की बैठक बुलाने का प्रस्ताव पटल पर लाया गया। जहां सर्वसम्मति से इसे पारित किया गया। बैठक में सीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी ओमप्रकाश, पार्षद सुमित्रा देवी, बसंती देवी, लीलावती देवी, रूबी खातून, उमेश सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।